नेटफ्लिक्स (Netflix) के बाद अब भारत में एक और स्ट्रीमिंग दिग्गज कंपनी यूजर्स के लिए पासवर्ड शेयरिंग को मुश्किल बना रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, डिज्नी+हॉटस्टार (Disney's Hotstar) अपने प्रीमियम यूजर्स के बीच पासवर्ड शेयरिंग को सीमित करने की प्लानिंग कर रहा है। OTT से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, बदलाव के बाद लॉगिन करने का एक्सेस सिर्फ चार लोगों तक ही सीमित रहेगा। प्रीमियम यूजर्स के अलावा कोई अन्य व्यक्ति उक्त आईडी और पासवर्ड के साथ लॉग इन नहीं कर सकेगा। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स को सूत्रों ने बताया कि इस पर काम जारी है।
रॉयटर्स की रिपोर्ट में उल्लेख किया गया है कि कंपनी एक नई नीति लागू करने की योजना बना रही है जो प्रीमियम यूजर्स को केवल चार डिवाइस से लॉग इन करने की अनुमति देगी। यह कदम पासवर्ड शेयर करने की समस्या के समाधान के उपाय के रूप में उठाया गया है।
नेटफ्लिक्स ने भी किया बदलाव
रॉयटर्स के मुताबिक, डिज्नी नेटफ्लिक्स के नक्शेकदम पर चल रहा है। इससे पहले मई में डिज़्नी के स्ट्रीमिंग प्रतिद्वंद्वी नेटफ्लिक्स ने 100 से अधिक देशों में इसी तरह की नीति लागू की थी। उन्होंने ग्राहकों को सूचित किया कि उनके घर के बाहर के लोगों के साथ सर्विस शेयर करने के लिए अतिरिक्त भुगतान की आवश्यकता होगी।
साल के आखिरी में हो सकता है लागू
वर्तमान में भारत में एक प्रीमियम डिज़्नी+ हॉटस्टार अकाउंट 10 डिवाइसों पर लॉगिन की अनुमति देता है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल के अंत में कंपनी नई नीति को लागू करने पर विचार कर रही है। इस नीति का प्राथमिक उद्देश्य प्रीमियम अकाउंट के लिए लॉगिन को अधिकतम चार डिवाइसों तक सीमित करना है।
खबर के अनुसार, डिज्नी को उम्मीद थी कि चार-डिवाइस लॉगिन नीति को सख्ती से लागू नहीं करने से ग्राहक आकर्षित होंगे, जो पासवर्ड शेयरिंग के माध्यम से सर्विस खरीद सकते हैं। हालांकि, ऐसे हो नहीं पाया, जिसके बाद कंपनी ने नई नीति को लागू करने का फैसला किया है।
मीडिया पार्टनर्स एशिया के मुताबिक, Disney, Netflix, Amazon और अरबपति मुकेश अंबानी की JioCinema भारत में बेहद लोकप्रिय हो गई है, जो 2027 तक इस सेक्टर के लिए $7 बिलियन का मार्केट बनने के लिए तैयार है। इंडस्ट्री डेटा कहता है कि हॉटस्टार लगभग 50 मिलियन यूजर्स के साथ भारतीय मार्केट में सबसे आगे है।