UPI-Credit Card लिंक से कैसे होगा लोगों को फायदा, Paytm-मोबीक्विक पर होने वाले क्रेडिट कार्ड पेमेंट से कैसे अलग है ये?

Paytm और Mobikwik जैसे फिनटेक प्लेटफॉर्म क्रेडिट कार्ड से वॉलेट में पैसा डालने पर 2-4% चार्ज लेते हैं, नए सिस्टम में यूजर्स को इन चार्ज को देने की जरूरत नहीं होगी

अपडेटेड Jun 14, 2022 पर 3:51 PM
Story continues below Advertisement
क्रेडिट कार्ड को UPI से लिंक करने की नई व्यवस्था फिनटेक प्लेटफॉर्म के सिस्टम से काफी अलग होगा

भारतीय रिजर्व बैंक ( RBI) ने क्रेडिट कार्ड को UPI प्लेटफॉर्म से जोड़ने की इजाजत दी है। हालांकि पेटीएम (Paytm) और मोबिक्विक (MobiKwik) जैसे कई फिनटेक प्लेटफॉर्म पहले भी इन कार्डों के जरिए पेमेंट की सुविधा देते खे। ऐसे में क्रेडिट कार्ड को UPI से लिंक करने की नई व्यवस्था में क्या अलग होगा, आइए जानते हैं इसे लेकर एक्सपर्ट्स क्या कहते हैं:

 क्रेडिट कार्ड के जरिए वॉलेट में पैसा डालने की इजाजत देते हैं फिनटेक प्लेटफॉर्म

Paytm और MobiKwik जैसे फिनटेक प्लेटफॉर्म पहले से अपने यूजर्स को क्रेडिट कार्ड से वॉलेट में पैसे जोड़ने की अनुमति देते हैं। यहां तक वे उन्हें मोबाइल फोन को रिचार्ज करने, टिकट बुक करने और शॉपिंग करने की भी इजाजत देते है। इसके लिए यूजर्स को बस अपने क्रेडिट कार्ड को अपने मोबिक्विक और पेटीएम आईडी से लिंक करना होता है और फिर वे डेबिट कार्ड की तरह ही उनसे पैसे जोड़ सकते हैं।

UPI-क्रेडिट कार्ड लिंकिंग में क्या अलग होगा?


पेटीएम और मोबिक्विक यूजर्स को केवल क्रेडिट कार्ड से अपने वॉलेट में पैसे जोड़ने की अनुमति तो देते हैं। लेकिन वॉलेट में पड़े इस पैसा का इस्तेमाल केवल उसी कंपनी के प्लेटफॉर्म पर किया जा सकता है। वहीं, यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (UPI) क्यूआर कोड के जरिए किसी भी प्लेटफॉर्म के लिए पेमेंट करने की इजाजत देगा।

यह भी पढ़ें- यह अमेरिकी मार्केट की सबसे खराब मंदी हो सकती है: Jim Rogers

डिजिटल भुगतान फर्म जूनियो ( Junio) के को-फाउंडर अंकित गेरा ने बताया, "पेटीएम वॉलेट में पैसा जोड़ने से यूजर्स केवल पेटीएम QR पर ही पेमेंट कर सकते हैं। यह UPI की तरह किसी भी क्यूआर पर पेमेंट की इजाजत नहीं देता है। इसका मतलबा है कि आप Bhartpe UPI QR या GooglePe UPI QR पर पेटीएम वॉलेट का इस्तेमाल करके पेमेंट नहीं कर सकते। क्रेडिट कार्ड को UPI से जोड़ने का मतलब है कि यूजर्स अब किसी भी UPI QR पर भुगतान कर सकते हैं, चाहे वह Bhartpe हो, या PhonePe या फिर GooglePe हो।"

पेटीएम और मोबिक्विक अपने वॉलेट में क्रेडिट कार्ड से पैसे जोड़ने पर 2-4% फीस भी वसूलते हैं। यह फीस इसलिए भी वसूला जाता है क्योंकि फिनटेक कंपनियों को क्रेडिट कार्ड लेनदेन के लिए बैंकों को भुगतान करना पड़ता है।

वर्तमान में, व्यापारियों से UPI का इस्तेमाल करने के लिए फीस नहीं लिया जाता है, लेकिन क्रेडिट कार्ड के मामले में, MDR चार्ज लागू होते हैं। इसका मतलब है, प्रत्येक क्रेडिट कार्ड ट्रांजैक्शन के लिए, व्यापारी बैंकों को एक निश्चित राशि का भुगतान करते हैं। हालांकि, UPI-क्रेडिट कार्ड लिंकिंग पर, MDR शुल्क को लेकर अभी बहुत स्पष्टता उपलब्ध नहीं है। हालांकि माना जा रहा है कि रिटेल कस्टमर्स को UPI से पेमेंट पर कोई अतिरिक्त चार्ज नहीं देना होगा।

इससे UPI को कितना बढ़ावा मिलेगा?

गेरा ने कहा कि जब तक वीजा (VISA) और मास्टरकार्ड (Mastercard) भी इस कदम को स्वीकार नहीं करते, तब तक क्रेडिट कार्ड से UPI पेमेंट में तत्काल कोई उछाल नहीं आने वाला है। फिलहालृ, केवल RuPay क्रेडिट कार्ड को UPI से लिंक किया जा सकते हैं, जिनकी मार्केट में हिस्सेदारी कम है।

अप्रैल 2022 तक के आंकड़े के मुताबिक, देश में क्रेडिट कार्ड की कुल संख्या करीब 7.52 करोड़ थी। हर महीने इन क्रेडिट कार्ड के जरिए करीब 6,565 करोड़ रुपये के ऑनलाइन ट्रांजैक्शन होते हैं। इनमें RuPay, Visa और MasterCard तीनों क्रेडिट कार्ड शामिल हैं।

इस कदम से छोटे व्यापारियों को कैसे मदद मिलेगी?

यूनी कार्ड्स के फाउंडर और सीईओ नितिन गुप्ता ने बताया कि देश में दो प्रकार के व्यापारी हैं - संगठित और असंगठित। उन्होंने कहा, “संगठित व्यापारी आम तौर पर बड़े व्यापारी होते हैं, जो जो कार्ड और UPI दोनों तरीके से पेमेंट स्वीकार करते हैं। हालांकि देश में अधिकतर संख्या असंगठित व्यापारियों की है, जो केवल UPI पेमेंट स्वीकार करते हैं। ऐसा इसलिए, क्योंकि UPI पेमेंट स्वीकार करने पर उन्हें कोई चार्ज नहीं देना होता है। UPI-क्रेडिट कार्ड लिंक से अब ये व्यापारी भी क्रेडिट कार्ड से पेमेंट स्वीकार कर सकेंगे।"

जूनियो के गेरा ने यह भी कहा कि इस कदम से उन छोटे व्यापारियों को काफी फायदा होगा जो महंगी POS (प्वाइंट ऑफ सेल) मशीनें नहीं रख सकते। यह क्रेडिट कार्ड यूजर्स के लिए UPI पेमेंट की सुविधा भी लाएगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।