जियो एयर फाइबर (Jio AirFiber) को 19 सितंबर को गणेश चतुर्थी के अवसर पर लॉन्च किया जाएगा। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 46वीं एनुअल जनरल मीटिंग (AGM) को संबोधित करते रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) ने सोमवार को इसका ऐलान किया। जियो एयर फाइबर भारत में हाई स्पीड इंटरनेट सर्विस ऑफर करेगा। Jio का मानना है कि जियो एयरफाइबर की मदद से देश के हर घर तक तेज वाई-फाई सर्विस पहुंचेगी। इससे करोड़ों यूजर्स को तेज इंटरनेट कनेक्टिविटी मिलेगी।
अंबानी ने कहा कि हम अपने 4G ग्राहकों को अतिरिक्त पूंजी खर्च किए बिना निर्बाध रूप से 5G की ओर ले जाने की स्थिति में हैं। उन्होंने कहा कि Jio इंप्लिमेंटर्स से अत्याधुनिक नई टेक्नोलॉजी के क्रिएटर में बदल गया है। उन्होंने कहा कि आज का Jio का 5G रोलआउट उसके अपने घरेलू 5G स्टैक द्वारा संचालित हो रहा है। Jio के पास 5 करोड़ से अधिक 5G ग्राहक हैं।
Jio ने पिछले साल 45वीं AGM में इसके बारे में डिटेल्स बताया था। एयर फाइबर एक वायरलेस डिवाइस है जो तार-वार के झंझट के बिना तेज गति का इंटरनेट प्रदान करेगा। सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों से पता चलता है कि डिवाइस में दो यूनिट होंगे। एक यूनिट जो घर या ऑफिस के छत पर लगेगी। जबकि दूसरी यूनिट घर के अंदर लगेगी। फाइबर इंटरनेट में जहां तारों का इस्तेमाल होता है वहीं इसमें सिम कार्ड का यूज होगा।
यानी JioAirFiber में ऑप्टिकल फाइबर की जरूरत नहीं होगी। यह एक 5G वाई-फाई सर्विस है। JioAirFiber में एक 5G नेटवर्क रिसीवर होगा, जिससे वाई-फाई सेटअप कनेक्ट होता है। इसमें 1Gbps तक की हाईस्पीड इंटरनेट सर्विस मिलने की उम्मीद है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो जियो अपने एयरफाइबर प्लान को अन्य कंपनियों के मुकाबले 20 फीसद कम कीमत में लॉन्च कर सकता है।
रिलायंस ने 150 अरब डॉलर का किया निवेश
मुकेश अंबानी ने सोमवार को कहा कि कंपनी ने पिछले 10 साल में कुल मिलाकर 150 अरब डॉलर का निवेश किया है। यह किसी कंपनी का इस अवधि में अबतक का सर्वाधिक निवेश है। अंबानी ने कहा कि रिलायंस उभरते नए भारत में अगुवा है। उन्होंने कहा कि हमने असंभव लगने वाले लक्ष्य तय किए और उन्हें हासिल किया।
इसके साथ ही देश की सबसे मूल्यवान कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज ने सोमवार को अपनी उत्तराधिकार योजना का रास्ता साफ कर दिया। मुकेश अंबानी की बेटी ईशा और बेटे आकाश तथा अनंत को रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के निदेशक मंडल में नियुक्त किया गया है।