Mother Dairy Milk Price Hike: दिल्ली-NCR में रहने वाले लोगों को महंगाई का एक और झटका लगा है। मदर डेयरी (Mother Dairy) ने दूध के दाम में बढ़ोतरी का ऐलान किया है। प्रमुख दूध उत्पादक कंपनी ने दिल्ली-NCR में फुल क्रीम दूध (Mother Dairy Full-Cream Milk) का दाम एक रुपये प्रति लीटर बढ़ा दिया है। वहीं, टोकन वाले दूध (Mother Dairy Token Milk) के दाम में भी 2 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की गई है। बयान के मुताबिक, नई दरें आज सोमवार यानी 21 नवंबर से लागू हो जाएंगी।
मदर डेयरी के फुल क्रीम दूध की कीमत 63 रुपये प्रति लीटर से बढ़ाकर 64 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। वहीं, कंपनी ने टोकन दूध के दाम भी बढ़ा दिए हैं। कंपनी की तरफ से जारी बयान के अनुसार, नई कीमत लागू होने के बाद एक लीटर टोकन दूध की कीमत 48 रुपये से बढ़ाकर 50 रुपये कर दी गई है। हालांकि, आधा किलो फुल क्रीम दूध के दाम में कोई परिवर्तन नहीं किया गया। मदर डेयरी ने कहा है कि लागत बढ़ने के चलते उसने यह वृद्धि की है।
एक साल में चौथी बार बढ़ोतरी
दिल्ली-एनसीआर में प्रतिदिन 30 लाख लीटर से अधिक दूध की आपूर्ति करने वाली मदर डेयरी ने इस साल दूध की कीमतों में चौथी बार बढ़ोतरी की है। कंपनी के प्रवक्ता ने बताया कि मदर डेयरी ने फुल क्रीम दूध के दाम एक रुपये बढ़ाकर 64 रुपये प्रति लीटर कर दिए हैं। हालांकि, आधा लीटर के पैक में बिकने वाले फुल क्रीम दूध की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
टोकन वाले दूध की कीमत सोमवार से 50 रुपये प्रति लीटर होगी। अभी यह 48 रुपये प्रति लीटर की दर से बिकता है। दूध की कीमतों में बढ़ोतरी घरेलू बजट को प्रभावित करेगी, क्योंकि इस वक्त खाद्य मुद्रास्फीति पहले ही काफी अधिक है।
कच्चे दूध की खरीद लागत में बढ़ोतरी को बताया जिम्मेदार
मदर डेयरी ने कीमतों में बढ़ोतरी के लिए डेयरी किसानों से कच्चे दूध की खरीद लागत में बढ़ोतरी को जिम्मेदार ठहराया। कंपनी के प्रवक्ता ने न्यूज एजेंसी पीटीआई से कहा, ‘‘इस साल डेयरी उद्योग में दूध की मांग और आपूर्ति में भारी अंतर देखा जा रहा है।’’
कंपनी ने कहा कि कच्चे दूध की उपलब्धता चारे की बढ़ती लागत और अनिश्चित मानसून के कारण प्रभावित हुई है। मदर डेयरी ने कहा कि इसके अलावा प्रसंस्कृत दूध की मांग काफी बढ़ गई है। प्रवक्ता ने कहा कि त्योहारी मौसम के बाद भी मांग-आपूर्ति में अंतर के कारण कच्चे दूध की कीमतों में मजबूती आई है।