व्हाट्सएप के जरिये जल्द ही ग्राहक कर सकेंगे खराब उत्पाद और सेवाओं की शिकायत

ग्राहक जल्द ही व्हाट्सएप के जरिए भी खराब उत्पाद या सर्विस की शिकायत कर पाएंगे। इस शिकायत के साथ ग्राहक अपनी शिकायत से जुड़े दस्तावेज भी व्हाट्सएप पर ही भेज सकेंगे। ग्राहकों को अलग से शिकायत फॉलोअप करने की जरूरत नहीं होगी। एक बार शिकायत करने के बाद ग्राहक अपनी शिकायत का स्टेटस भी व्हाट्सएप पर ही ट्रैक करने में सक्षम होंगे

अपडेटेड Jan 10, 2023 पर 4:26 PM
हर साल हेल्पलाइन पर 7 लाख से ज्यादा शिकायतें आती हैं। अब तक 90% शिकायतों का निपटारा हेल्पलाइन के जरिए ही होता है

खराब उत्पाद और सेवाओं की शिकायत करना आसान होने जा रहा है। जल्द ही आप कंज्यूमर अफेयर मंत्रालय की नेशनल कंज्यूमर हेल्पलाइन पर व्हाट्सएप के जरिए शिकायत दर्ज करा सकेंगे। अब तक ज्यादातर ग्राहक या उपभोक्ता उत्पाद के खराब होने या सर्विस बराबर नहीं होने पर शिकायत करने से परहेज करते हैं। उसकी वजह ये है कि शिकायत करने की प्रक्रिया काफी लंबी, उबाऊ और टाइमटेकिंग होती है। लिहाजा लोग थोड़ी से झल्लाहट दिखाकर और दो बातें सुनाकर आगे बढ़ जाते हैं। इसका नतीजा ये होता है कि उत्पाद और सेवा उपलब्ध कराने वाले भी शिकायत को नजरअंदाज कर देते हैं। फिर से अपने पहले के प्रोसेस को फॉलो करते हैं। परंतु व्हाट्सएप से शिकायत करने की सुविधा से अब कंपनियों पर दबाव बढ़ेगा।

इस खबर पर ज्यादा डिटेल बताते हुए सीएनबीसी-आवाज़ के असीम मनचंदा ने कहा कि खराब उत्पाद की शिकायत करना अब आसान हो जायेगा। खराब उत्पाद के साथ ही खराब सेवाओं की शिकायत करने में भी ग्राहकों को आसानी होगी। सरकार के नेशनल कंज्यूमर हेल्पलाइन पर सीधे इस बारे में शिकायत हो सकेगी।

सरकार इसे और आसान बनाने जा रही है जिससे ग्राहक जल्द ही व्हाट्सएप के जरिए भी खराब उत्पाद या सर्विस की शिकायत कर पाएंगे। इतना ही नहीं इस शिकायत के साथ ग्राहक अपनी शिकायत से जुड़े दस्तावेज भी भेज सकेंगे। इसके आगे ग्राहकों को अलग से फॉलोअप करने की जरूरत नहीं होगी। ग्राहक एक बार शिकायत करने के बाद अपनी शिकायत का स्टेटस भी व्हाट्सएप पर ही ट्रैक कर सकेंगे।


रिलायंस कैपिटल बोली मामले में कल का दिन काफी अहम, कमेटी ऑफ क्रेडिटर्स का आ सकता है फैसला

इसके लिए कंज्यूमर अफेयर मंत्रालय भी एक्शन मोड में रहेगा। मंत्रालय जल्द ही व्हाट्सएप से शिकायत लेगा। गौरतलब है कि हर साल हेल्पलाइन पर 7 लाख से ज्यादा शिकायतें आती हैं। इसमें आधी से ज्यादा शिकायतें फोन हेल्पलाइन पर आती हैं। लोगों की सुविधा के लिए और देश में अनेकों भाषाएं होने के नाते 10 भाषाओं में शिकायत दर्ज कराने के लिए 50 से ज्यादा हेल्पलाइन खोली गई हैं।

अब तक के आंकड़ों के मुताबिक 90% शिकायतों का निपटारा हेल्पलाइन के जरिए ही होता है। जिन शिकायतों का निपटारा हेल्पलाइन से नहीं हो पाता है। ऐसे मामलो में केस फाइल करने की सलाह दी जाती है।

बता दें कि इस समय देश में करीब 40 करोड़ से ज्यादा व्हाट्सएप यूजर्स हैं। लोग व्हाट्सएप का इस्तेमाल तमाम अन्य कामों के लिए करते ही रहते हैं। व्हाट्सएप चलाने की आदत का फायदा शिकायत करने के लिए भी हो सकेगा। इसलिए ऐसा माना जा रहा है व्हाट्सएप पर शिकायत की सुविधा होने से ग्राहक या उपभोक्ता अब खराब प्रोडक्ट्स या सर्विसेस की शिकायत करने से नहीं हिचकिचायेंगे।

 

 

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।