Airfare Drop: दिवाली पर कुछ रूट्स पर हवाई यात्रा हुई सस्ती, किराया 20-25% घटा

Air Ticket Price Down: एनालिसिस में 2023 के लिए जो समय अवधि ली गई है, वह 10-16 नवंबर है। वहीं इस साल यह अवधि 28 अक्टूबर-3 नवंबर है। दोनों ही वर्षों में ये अवधियां दिवाली के आसपास की हैं। एनालिसिस से पता चला है कि इस बीच कुछ डॉमेस्टिक रूट्स पर एवरेज हवाई किराए में 34 प्रतिशत तक की वृद्धि हुई है

अपडेटेड Oct 13, 2024 पर 4:20 PM
दिल्ली-उदयपुर रूट पर हवाई टिकट की कीमतों में 34 प्रतिशत की कमी आई है।

हवाई जहाज से यात्रा करने वालों के लिए अच्छी खबर है। दीपावली के आसपास कई घरेलू मार्गों पर औसत हवाई किराए (Average Airfare) में पिछले साल की तुलना में 20-25 प्रतिशत की कमी आई है। ये कीमतें 30 दिनों की एडवांस्ड परचेज डेट (APD) के आधार पर एक तरफ के औसत किराए के लिए है। ट्रैवल पोर्टल इक्सिगो के एनालिसिस के मुताबिक, बढ़ी हुई क्षमता और तेल की कीमतों में हाल में आई गिरावट के चलते हवाई किराए में कमी आई है।

बेंगलुरू-कोलकाता फ्लाइट हुई सबसे ज्यादा सस्ती

एवरेज एयरफेयर में सबसे ज्यादा गिरावट बेंगलुरू-कोलकाता फ्लाइट के मामले में आई है। इस रूट की फ्लाइट का एवरेज एयरफेयर 38 प्रतिशत घटकर 6,319 रुपये रह गया है। पिछले साल यह 10,195 रुपये था। चेन्नई-कोलकाता रूट पर हवाई टिकट की कीमत पिछले साल के 8,725 रुपये से 36 प्रतिशत घटकर 5,604 रुपये रह गई है। मुंबई-दिल्ली फ्लाइट के लिए एवरेज एयरफेयर 34 प्रतिशत घटकर 5,762 रुपये रह गया है। पिछले साल यह 8,788 रुपये था।


इसी तरह, दिल्ली-उदयपुर रूट पर हवाई टिकट की कीमतों में 34 प्रतिशत की कमी आई है। किराया पिछले साल के 11,296 रुपये से घटकर 7,469 रुपये रह गया है। दिल्ली-कोलकाता, हैदराबाद-दिल्ली और दिल्ली-श्रीनगर रूट पर एवरेज एयरफेयर में गिरावट 32 प्रतिशत की है।

चेन्नई की इस कंपनी ने कर दिया कमाल, कर्मचारियों को बांटी 28 कारें और 29 बाइक

पिछले साल सीमित क्षमता के कारण बढ़ा था किराया

न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, इक्सिगो के ग्रुप CEO आलोक बाजपेयी का कहना है कि पिछले साल दिवाली के आसपास हवाई किराए में सीमित क्षमता के कारण उछाल आया था। मुख्य कारण गो फर्स्ट एयरलाइन का सस्पेंशन था। अतिरिक्त क्षमता जोड़े जाने से इस साल कुछ राहत है और अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में प्रमुख रूट्स पर औसत हवाई किराए में सालाना आधार पर 20-25 प्रतिशत की गिरावट आई है।

इसके अलावा इस साल कच्चे तेल की कीमतों में 15 प्रतिशत की गिरावट ने भी एवरेज एयरफेयर में कमी में योगदान दिया है, जिससे त्यौहारी सीजन के दौरान यात्रियों को अधिक किफायती विकल्प मिल रहे हैं। वर्तमान में बढ़ते भू-राजनीतिक तनावों के बीच तेल की कीमतों में थोड़ी तेजी है।

Business Idea: जोजोबा से पैसों की टेंशन हो जाएगी खत्म, 100 साल तक मिलेगा मोटा मुनाफा

इन रूट्स पर महंगी हुई टिकट

इस बीच कुछ रूट्स पर हवाई किराए में 34 प्रतिशत तक की वृद्धि हुई है। एनालिसिस से पता चला है कि अहमदाबाद-दिल्ली रूट पर हवाई टिकट की कीमत पिछले साल के 6,533 रुपये से 34 प्रतिशत बढ़कर 8,758 रुपये हो गई है। मुंबई-देहरादून रूट पर यह 33 प्रतिशत बढ़कर 15,527 रुपये हो गई है। एक साल पहले इस रूट पर हवाई टिकट की कीमत 11,710 रुपये थी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।