ONDC ने दिल्ली में एक हफ्ते में बेचा 10,000 किलो टमाटर, 70 रुपये प्रति किलो की दर से बिक्री जारी

Tomato Price Hike: आसमान छूती कीमतों के बीच सरकार समर्थित ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स (ONDC) लोगों को 70 रुपये प्रति किलोग्राम की रियायती दरों पर टमाटर उपलब्ध रहा है। ONDC प्रमुख ने बताया कि पिछले एक सप्ताह में राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रियायती दरों पर रिकॉर्ड 10,000 किलो टमाटर बेचे गए हैं। वहीं, सहकारी संस्था NCCF ने बताया कि उसने 560 टन टमाटर बेचा है

अपडेटेड Jul 31, 2023 पर 11:55 AM
Tomato Prices: टमाटर की बढ़ती कीमतों ने आम आदमी की जेब पर बड़ा असर डाला है

Tomato Price Hike: आसमान छूती कीमतों के बीच सरकार समर्थित ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स (ONDC) लोगों को 70 रुपये प्रति किलोग्राम की रियायती दरों पर टमाटर उपलब्ध रहा है। ONDC प्रमुख ने बताया कि पिछले एक सप्ताह में राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रियायती दरों पर रिकॉर्ड 10,000 किलो टमाटर बेचे गए हैं। नेटवर्क को पिछले साल अपनी स्थापना के बाद से अब तक सबसे ज्यादा 1.1 मिलियन खुदरा ऑर्डर मिला है, जो अपने आप में मील का पत्थर है। रियायती दर पर टमाटर की बिक्री अब भी जारी है। ऐसा इसलिए क्योंकि खुदरा कीमतें अभी भी ऊंची बनी हुई हैं। इसकी वजह प्रमुख उत्पादक राज्यों में भारी बारिश बताई जा रही है। कई शहरों में अभी भी टमाटर की कीमतें 150 से 200 रुपये है।

देश के विभिन्न हिस्सों में सब्जियों की कीमतें आसमान छूने के बाद इस महीने की शुरुआत में केंद्र के निर्देश पर नेशनल कोऑपरेटिव कंज्यूमर फेडरेशन (NCCF) और NAFED ने 70 रुपये प्रति किलोग्राम पर टमाटर बेचना शुरू किया। तब से दोनों संगठन लगातार आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और महाराष्ट्र की मंडियों से टमाटर खरीद रहे हैं और इसे दिल्ली-NCR, बिहार, राजस्थान आदि जैसे प्रमुख उपभोक्ता केंद्रों में सस्ती कीमतों पर उपलब्ध करा रहे हैं।

ONDC प्रमुख टी कोशी ने मनीकंट्रोल को बताया, "पिछले हफ्ते हमें नेशनल कोऑपरेटिव कंज्यूमर फेडरेशन (NCCF) से दिल्ली में हर दिन 2,000 किलोग्राम टमाटर (1,000 ऑर्डर) का आवंटन हुआ था, जो दोपहर तक बिक जा रहा था।" ONDC प्रमुख ने यह भी कहा कि नेटवर्क पर दैनिक ऑर्डर की औसत संख्या लगातार बढ़ रही है क्योंकि अधिक विक्रेता नेटवर्क में शामिल हो रहे हैं। उदाहरण के लिए, ONDC पर शहद बेचने वाले एक किसान उत्पादक संगठन को पहले ही 1 लाख रुपये के ऑर्डर दिए जा चुके हैं।


NCCF ने 15 दिन में बेचा 560 टन टमाटर

सहकारी संस्था NCCF ने रविवार को बताया कि उसने दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में पिछले 15 दिनों में रियायती दरों पर 560 टन टमाटर बेचा है। प्रमुख टमाटर उत्पादक राज्यों में भारी बारिश होने के कारण खुदरा बाजार में टमाटर की कीमत अभी भी कम नहीं हुई है। इस वजह से NCCF ने टमाटर की रियायती दरों पर बिक्री जारी रखी है। NCCF ने 14 जुलाई को 90 रुपये प्रति किलोग्राम की रियायती दरों पर टमाटर की बिक्री शुरू की थी, जिसे बाद में घटाकर 70 रुपये प्रति किलोग्राम तक कर दिया गया।

महासंघ पिछले एक सप्ताह से तीनों राज्यों में 70 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से टमाटर बेच रहा है। NCCF उपभोक्ताओं को महंगाई से राहत दिलाने के लिए केंद्र सरकार की ओर से रियायती दरों पर टमाटर बेच रहा है। दूसरी ओर नेफेड बिहार और अन्य राज्यों में टमाटर को रियायती दरों पर बेच रहा है।

ये भी पढ़ें- 'यहां सिर्फ शाकाहारी छात्रों को बैठने की इजाजत है', IIT बॉम्बे के हॉस्टल कैंटीन में लगे पोस्टर पर विवाद

NCCF की मैनेजिंग डायरेक्टर अनीस जोसफ चंद्रा ने पीटीआई से कहा, "हमने 28 जुलाई तक दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में लगभग 560 टन टमाटर बेचा है। तीनों राज्यों में बिक्री जारी है।" NCCF राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में टमाटर की बिक्री मोबाइल वैन, केंद्रीय भंडार की चुनिंदा दुकानों और सरकार समर्थित ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स (ONDC) के माध्यम से कर रहा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।