Global UPI: अपने आस-पास कहीं घूमने गए हैं या दिल्ली-मुंबई में शॉपिंग करने गए हैं तो बिना कैश भी पेमेंट कर सकते हैं। विदेशी सफर पर जरूर कैश रखने की झंझट रहती है लेकिन अब नेपाल में इसकी कोई दिक्कत नहीं आएगी। ऐसा इसलिए कि अपना यूपीआई वहां भी एक्टिव हो गया है और अब आसानी से वहां भी यूपीआई के जरिए पेमेंट कर सकेंगे। नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने आज शुक्रवार 8 मार्च को कहा कि यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (UPI) अब पड़ोसी देश नेपाल में भी उपलब्ध है। आधिकारिक बयान के मुताबिक यूपीआई यूजर्स नेपाल में दुकानदारों को क्यूआर कोड स्कैन करके भुगतान कर सकते हैं।
पिछले साल सितंबर में हुआ था समझौता
नेपाल में भी यूपीआई एक्टिव हो गया है। इसके लिए पिछले साल सितंबर में एनपीसीआई इंटरनेशनल पेमेंट्स(NIPL) और नेपाल के सबसे बड़े पेमेंट नेटवर्क Fonepay Payment Service के बीच एक समझौता हुआ था। इस समझौके तहत ही पड़ोसी देश में यूपीआई से पेमेंट शुरू हुआ है। आज NPCI ने जो बयान जारी किया है, उसके मुताबिक फोनपे नेटवर्क में शामिल दुकानदार भारतीय ग्राहकों से यूपीआई के जरिए पेमेंट ले सकते हैं। NIPL के सीईओ रितेश शुक्ला ने कहा यह न सिर्फ डिजिटल पेमेंट स्पेस में इनोवेशन की प्रतिबद्धता को बल्कि व्यापार के लिए नए रास्ते बनाने और दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत करने के लिए हमारे समर्पण को भी दिखाती है। Fonepay के सीईओ दिवस कुमार ने भरोसा जताया कि इस पहल से दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंधों, कॉमर्स और टूरिज्म में उल्लेखनीय सुधार होगा।
कई देशों में फैल चुका है UPI का दायरा
यूपीआई के जरिए अब देश के बाहर कई देशों में पेमेंट्स कर सकते हैं। अभी कुछ समय पहले फ्रांस के एफिल टॉवर से इसकी शुरुआत हुई थी। इसके अलावा यूएई में भी यूपीआई एक्टिव कर दिया गया है। पड़ोसी देशों की बात करें तो श्रीलंका में भी यूपीआई एक्टिव है। मॉरीशस में भी बिना कैश लिए घूमने जा सकते हैं। कुछ और देशों में भी इसके लिए बातचीत चल रही है।