क्रेडिट स्कोर 800 है? सस्ता लोन, सस्ता इंश्योरेंस और अच्छी नौकरी मिलने के बढ़ जाएंगे चांसेज

अच्छे क्रेडिट स्कोर से न सिर्फ आपको होम लोन, पर्सनल लोन और कार लोन मिलने की संभावना बढ़ जाती है बल्कि आपको इंटरेस्ट रेट में भी रियायत मिलती है। बीमा कंपनियां भी अच्छे क्रेडिट स्कोर वाले लोगों को प्रीमियम में रियायत दे रही हैं

अपडेटेड Dec 12, 2024 पर 12:24 PM
Story continues below Advertisement
पहले कभी अच्छे क्रेडिट स्कोर पर इतने ज्यादा फायदे नहीं मिलते थे।

क्या आपने अपना क्रेडिट स्कोर चेक किया है? अगर आपका क्रेडिट स्कोर अच्छा है तो इससे आपको कई फायदे मिलेंगे। आपको न सिर्फ कम इंटरेस्ट पर लोन मिल सकता है बल्कि इंश्योरेंस पॉलिसी का आपका प्रीमियम भी दूसरों के मुकाबले कम होगा। यही नहीं अच्छी नौकरी मिलने के भी आपके चांसेज बढ़ जाएंगे। क्रेडिट स्कोर का महत्व बढ़ रहा है। बैंक, इंश्योरेंस सहित फाइनेंशियल कंपनियां अच्छे क्रेडिट स्कोर वाले ग्राहकों को डिस्काउंट ऑफर कर रही हैं। पहले कभी अच्छे क्रेडिट स्कोर पर इतने ज्यादा फायदे नहीं मिलते थे।

इंश्योरेंस प्रीमियम में डिस्काउंट

चंडीगढ़ के रहने वाले 34 साल के अंकित मित्तल ने बताया कि अक्टूबर में वह अपनी कार का इंश्योरेंस रिन्यू कराना चाहते थे। चूंकि वह अपने सभी बिल समय पर चुकाते हैं तो उनका क्रेडिट स्कोर (Credit Score) 800 से ऊपर है। इंश्योरेंस कंपनी की वेबसाइट के जरिए पॉलिसी रिन्यू कराते वक्त जब उन्हें प्रीमियम पर डिस्काउंट मिला तो उनकी खुशी का ठिकाना न रहा। उन्हें प्रीमियम पर 15 फीसदी डिस्काउंट मिला था, जिसकी वजह उनका शानदार क्रेडिट स्कोर था।


नौकरी में भी प्रिफरेंस

कंपनियां अब नौकरी में भी अच्छे क्रेडिट स्कोर वाले लोगों को प्राथमिकता दे रही हैं। खासकर BFSI सेक्टर में यह चलन देखा जा रहा है। अहमदाबाद के 32 साल के प्रणव गुप्ता को एक प्राइवेट बैंक से इंटरव्यू के लिए कॉल आई। कंपनी ने उनका क्रेडिट स्कोर और क्रेडिट हिस्ट्री रिव्यू करने के लिए उनकी सहमति मांगी। बाद में बैंक के एचआर डिपार्टमेंट ने उन्हें बताया कि उनकी हायरिंग में उनके क्रेडिट स्कोर को भी देखा जाएगा। उन्होंने बताया कि बाद में उन्हें पता चला कि उनके 800 से ज्यादा क्रेडिट स्कोर ने उनकी हायरिंग में भूमिका निभाई थी।

लोन के इंटरेस्ट में डिस्काउंट

एक्सपर्ट्स का कहना है कि क्रेडिट स्कोर अच्छा होने पर पर्सनल लोन, होम लोन और कार लोन मिलने की संभावना बढ़ जाती है। इतना ही नहीं बैंक और एनबीएफसी अच्छे क्रेडिट स्कोर वाले ग्राहकों को इंटरेस्ट रेट में भी रियायत देते हैं। इससे इंटरेस्ट पर होने वाले खर्च में काफी बचत होती है।

यह भी पढ़ें: Money से जुड़ी ये 5 बातें बच्चों को जरूर बताएं, जिंदगी में कभी उन्हें पैसे की नहीं होगी किल्लत

लोन मिलने में आसानी

गुरुग्राम के 44 साल के कारोबारी ऋषि सेठ ने बताया कि उन्होंने होम लोन के लिए अप्लाई किया था। एक सरकारी बैंक ने उन्हें 9 फीसदी इंटरेस्ट पर लोन ऑफर किया। लेकिन, जिस प्राइवेट बैंक में उनका अकाउंट था, उसने उन्हें 25 बेसिस प्वाइंट कम इंटरेस्ट पर लोन ऑफर किया। बाद में उन्होंने बातचीत के बाद और 10 बेसिस प्वाइंट का डिस्काउंट ले लिया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।