आज के दौर में डिजिटल लेन-देन हमारी जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है। मोबाइल बैंकिंग, UPI पेमेंट और ऑनलाइन ट्रांजैक्शन ने सुविधा तो दी है, लेकिन इसके साथ ही साइबर फ्रॉड का खतरा भी कई गुना बढ़ गया है। एक छोटी-सी गलती या लापरवाही आपकी जिंदगी भर की कमाई को मिनटों में छीन सकती है। ऐसे समय में साइबर इंश्योरेंस लोगों के लिए सुरक्षा कवच बनकर सामने आ रहा है।
क्यों जरूरी है साइबर इंश्योरेंस?
पिछले कुछ सालों में भारत में डिजिटल फ्रॉड के मामलों में तेज़ी आई है। इंटरनेट की आसान पहुंच और डिजिटल साक्षरता की कमी ने साइबर अपराधियों को और ताकतवर बना दिया है। कई लोग फिशिंग कॉल, फर्जी लिंक या UPI फ्रॉड का शिकार होकर अपनी मेहनत की कमाई गंवा बैठे हैं। ऐसे में साइबर इंश्योरेंस आपके नुकसान की भरपाई करने का विकल्प देता है।
साइबर इंश्योरेंस पॉलिसी के तहत अगर आप किसी ऑनलाइन धोखाधड़ी का शिकार होते हैं जैसे कि UPI फ्रॉड, फिशिंग ईमेल, डेबिट/क्रेडिट कार्ड स्कैम या पहचान की चोरी तो बीमा कंपनी आपको आर्थिक नुकसान की भरपाई करती है। यह पॉलिसी न सिर्फ आपके बैंक बैलेंस को सुरक्षित रखती है बल्कि डिजिटल दुनिया में आत्मविश्वास भी बढ़ाती है।
बढ़ते केस और बढ़ती ज़रूरत
UPI ट्रांजैक्शन में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। मई 2025 में ही भारत में 18.68 बिलियन से ज्यादा UPI ट्रांजैक्शन हुए, जिनकी वैल्यू ₹24.77 लाख करोड़ रही। लेकिन इस तेज़ी के साथ धोखाधड़ी के मामले भी बढ़े हैं। यही वजह है कि साइबर इंश्योरेंस अब सिर्फ एक विकल्प नहीं बल्कि ज़रूरत बन गया है।
वित्तीय विशेषज्ञों का मानना है कि जैसे हम स्वास्थ्य और जीवन बीमा को ज़रूरी मानते हैं, वैसे ही डिजिटल युग में साइबर इंश्योरेंस को भी उतनी ही अहमियत देनी चाहिए। यह न सिर्फ आपके पैसों की सुरक्षा करता है बल्कि मानसिक शांति भी देता है।
डिजिटल इंडिया की ओर बढ़ते कदमों के साथ साइबर अपराध भी तेज़ी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में साइबर इंश्योरेंस आपके लिए एक समझदारी भरा निवेश है। यह पॉलिसी आपको इस भरोसे के साथ डिजिटल लेन-देन करने की आज़ादी देती है कि अगर कभी धोखाधड़ी का शिकार हो भी जाएं, तो आपकी जिंदगी भर की कमाई सुरक्षित रहेगी।