DA Hike: त्योहारी सीजन में केंद्र सरकार ने अपने लाखों कर्मचारियों को बड़ी खुशखबरी दी है। सरकार ने न सिर्फ महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी की है बल्कि ग्रुप B और C के कर्मचारियों के लिए दिवाली बोनस का भी ऐलान कर दिया है। यानी, कर्मचारियों की सैलरी में बढ़ा डीए, एरियर और दिवाली बोनस साथ आएगा। कर्मचारियों को ट्रिपल फायदा होगा।
डीए में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी
केंद्र सरकार ने कर्मचारियों का डीए 55% से बढ़ाकर 58% कर दिया है। यह रिवीजन 1 जुलाई 2025 से प्रभावी होगा। इसका मतलब है कि अक्टूबर की सैलरी में कर्मचारियों को जुलाई से सितंबर तक का एरियर भी मिलेगा। इससे त्योहार के महीने में वेतन में अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।
सरकार हर साल दो बार डीए बढ़ाती है। पहले मार्च में और दूसरी बार त्योहारों के आसपास सरकार डीए बढ़ाती है। साथ ही अक्टूबर में दिवाली बोनस भी देती है। इस साल मार्च में 2% की बढ़ोतरी हुई थी और अब 3% डीए बढ़ाया गया है। सरकार ने एक साल में सरकारी कर्मचारियों का डीए 5 फीसदी बढ़ाया है। अगर किसी कर्मचारी की बेसिक सैलरी 18,000 रुपये है, तो उसे 3% के हिसाब से तीन महीने का एरियर मिलाकर लगभग 1,620 रुपये मिलेंगे।
ग्रुप B और C कर्मचारियों के लिए दिवाली बोनस
केंद्र सरकार ने अपने ग्रुप C और नॉन-गजेटेड ग्रुप B कर्मचारियों को 30 दिन की सैलरी के बराबर बोनस देने की घोषणा की है। यह अमाउंट अक्टूबर महीने की सैलरी के साथ दिया जाएगा। सरकार का कहना है कि यह कदम कर्मचारियों की मेहनत को सम्मान देने और त्योहारों की खुशी को और बढ़ाने के लिए उठाया गया है।
रेलवे कर्मियों को मिला सबसे बड़ा बोनस
रेलवे कर्मचारियों के लिए भी इस बार दिवाली बेहद खास रही है। केंद्र सरकार ने उन्हें 78 दिनों की सैलरी के बराबर प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस (PLB) देने का ऐलान किया था। यह राशि दशहरा से पहले ही जारी कर दी गई, जिससे कर्मचारियों को अधिकतम 17,951 रुपये का बोनस मिला है।
डीए बढ़ने से कितनी बढ़ेगी सैलरी
डीए बढ़ोतरी का असर सभी स्तरों पर दिखेगा। सबसे ऊंचे पद पर कार्यरत सेक्रेटरी स्तर के अधिकारी, जिनकी बेसिक सैलरी 2,25,000 रुपये है, उनकी सैलरी में लगभग 6,750 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, सबसे निचले स्तर पर काम करने वाले कर्मचारी जैसे कि चपरासी जिनकी बेसिक सैलरी 18,000 रुपये है, उनकी सैलरी में 540 रुपये की बढ़ोतरी हुई है।