भारत के ज्यादातर हिस्सों में अक्टूबर में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर और न्यूतम तापमान भी सामान्य से ज्यादा बना हुआ है। रविवार से देश भर में नवरात्रि का त्योहार शुरू होने वाला है। ये उत्तर भारत में वो समय होता है जब ज्यादातर लोग हल्की ठंड के मौसम को अनुभव करते हैं। इस बार अक्टूबर के करीब 9 दिन बीतने के बाद भी हल्की ठंड का कोई भी अहसास आम लोगों को नहीं हुआ है। इसके उलट तापमान हाल के दिनों में समान्य से ज्यादा गर्म लग रहा है। इस पर मौसम विभाग का भी मानना है कि अभी मौसम सामान्य से ज्यादा ऊपर बना हुआ है लेकिन ऐसा बहुत अधिक समय नहीं रहने वाला है। उत्तर भारत में ठंड की शुरुआत 15 अक्टूबर से होने लगेगी।
