SBI: स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के ग्राहकों के लिए अलर्ट है। SBI के कई ग्राहक उस समय घबरा गए, जब उन्हें WhatsApp और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक मैसेज मिला। इस मैसेज में कहा गया था कि आधार से जुड़ा KYC तुरंत अपडेट करना जरूरी है और इसके लिए एक APK फाइल डाउनलोड करनी होगी। साथ ही चेतावनी दी गई थी कि अगर ऐसा नहीं किया गया तो SBI YONO ऐप बंद हो जाएगा। इस मैसेज ने लोगों में डर पैदा कर दिया।
PIB ने कहा - दावा है झूठा
मामला बढ़ने के बाद सरकार की फैक्ट-चेकिंग एजेंसी PIB सामने आई। PIB की Fact Check टीम ने X (पहले Twitter) पर साफ कहा कि यह मैसेज फर्जी और भ्रामक है। PIB ने स्पष्ट किया कि SBI के नाम पर फैलाया जा रहा यह दावा गलत है और लोगों को किसी भी APK फाइल को डाउनलोड नहीं करना चाहिए।
SBI ने भी अपने ग्राहकों को अलर्ट करते हुए कहा कि बैंक कभी भी WhatsApp, SMS या ईमेल के जरिए APK फाइल डाउनलोड करने को नहीं कहता। न ही इस तरह से आधार या KYC अपडेट करने के लिए कोई लिंक भेजता है। बैंक के मुताबिक, ठग SBI YONO के नाम पर फर्जी APK लिंक भेज रहे हैं, जिन्हें इंस्टॉल करते ही मोबाइल का कंट्रोल उनके हाथ में चला जाता है।
APK स्कैम से क्या नुकसान हो सकता है?
SBI ने बताया कि ऐसे फर्जी ऐप मोबाइल में इंस्टॉल होने के बाद बैंकिंग लॉगिन, OTP, मैसेज और पर्सनल जानकारी चुरा सकते हैं। इसके बाद बिना अनुमति के अकाउंट से पैसे निकल सकते हैं। बैंक ने साफ कहा है कि ऐप्स सिर्फ Google Play Store या Apple App Store से ही डाउनलोड करें।
किसी अनजान लिंक या फाइल पर क्लिक न करें।
डर या जल्दबाजी दिखाने वाले मैसेज से सतर्क रहें।
बैंक कभी भी फोन या मैसेज पर निजी जानकारी नहीं मांगता।
गलत स्पेलिंग और अजीब भाषा वाले मैसेज पर भरोसा न करें।
अगर आपको ऐसा कोई संदिग्ध मैसेज मिले या साइबर फ्रॉड का शक हो, तो आप report.phishing@sbi.co.in पर ईमेल कर सकते हैं। साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर सकते हैं। या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।