क्या आप जल्द रिटायरमेंट के बारे में सोच रहे हैं? अगर हां तो इसकी तैयारी आपको अभी शुरू कर देनी होगी। एक्सपर्ट्स का कहना है कि अगर किसी व्यक्ति की उम्र आज 30-32 साल है तो वह जल्द रिटायर होने का प्लान बना सकता है। लेकिन, इसके लिए आपको अगले 18-20 तक काफी सेविंग्स और निवेश करना होगा। ऐसे जगह अपने पैसे का निवेश करना होगा, जहां लंबी अवधि में अट्रैक्टिव रिटर्न मिल सकता है।
अर्ली रिटायरमेंट के लिए जरूरी है फाइनेंशियल फ्रीडम
सबसे पहले यह समझने की जरूरत है कि जल्द रिटायरमेंट (Early Retirement) का मतलब फाइनेंशियल फ्रीडम (Financial Freedom) हासिल करने से है। फाइनेंशियल फ्रीडम हासिल हो जाने के बाद व्यक्ति को अपने खर्च को पूरा करने के लिए काम या नौकरी करने की जरूरत नहीं रह जाती है। दूसरा, कोई व्यक्ति यह नहीं जानता कि वह कितने साल तक जीवित रहेगा। मेडिकल फैसिलिटीज बढ़ जाने से अब लोग लंबे समय तक जीवित रहते हैं। इसलिए रिटायर होने के बाद अगले 30-35 साल के खर्च के बारे में आपको सोचना होगा।
50 साल की उम्र तक पहुंचने पर बड़ा फंड चाहिए
आज अगर आपका सालाना खर्च 7.5 लाख रुपये है तो आगे के साल में यह बढ़ेगा। आप कम से कम 6 फीसदी इनफ्लेशन का अनुमान लगा सकते हैं। इसका मतलब है कि अगले साल आपका खर्च कम से कम 6 फीसदी बढ़ जाएगा। अगर आपके पोर्टफोलियो में शेयर और डेट का अनपात 60 फीसदी और 40 फीसदी है तो आप सालना 7-8 फीसदी रिटर्न का अनुमान लगा सकते हैं। इस तरह 50 साल की उम्र में आपके पास 6-7 करोड़ रुपये होने चाहिए।
बच्चों की पढ़ाई और शादी की जिम्मेदारियां भी पूरी करनी होगी
रिटायरमेंट के लिए बड़ा फंड जुटाना होगा। लेकिन, इस दौरान होने वाले खर्च की अनदेखी नहीं की जा सकती। अगर आपके परिवार में पत्नी और बच्चे हैं तो उनकी जरूरतों का भी ध्यान रखना होगा। बच्चों की शिक्षा और शादी के लिए भी पैसे जुटाने होंगे। आपका कुछ साल बाद घर और गाड़ी खरीदने का प्लान बना हो सकता है। इसके लिए भी पैसे जुटाने होंगे।
अचानक आने वाले खर्च को भी ध्यान में रखना होगा
हर साल कुछ ऐसे खर्च आ जाते हैं, जिनका पहले से पता नहीं होता है। घर की मरम्मत, गाड़ी की मरम्मत इसके उदाहरण हैं। कुछ खर्च का आपको पता होता है। इनमें हेल्थ इंश्योरेंस का प्रीमियम और टर्म लाइफ इंश्योरेंस का प्रीमियम शामिल है। अगर आपके पास हेल्थ पॉलिसी है तो भी आपको कुछ पैसे मेडिकल कंटिजेंसी के लिए अलग रखना ठीक होगा। यह इसलिए जरूरी है कि छोटे-मोटे इलाज या ओपीडी जैसे खर्च आम तौर पर हेल्थ पॉलिसी में कवर नहीं होते हैं।
यह भी पढ़ें: आदित्य बिड़ला सनलाइफ एएमसी ने लॉन्च किया Defense Fund, जानिए इसकी मुख्य बातें
दोस्त या रिश्तेदार को देख नहीं लें फैसला
जल्द रिटायरमेंट का प्लान बनाने में आप अपने वर्तमान की अनदेखी नहीं कर सकते। इसलिए आपको काफी सोचसमझकर इस बारे में फैसला लेने की जरूरत है। किसी दोस्त या रिश्देतार को देख आपको जल्द रिटायरमेंट का फैसला नहीं लेना चाहिए। इसकी वजह यह है कि हर व्यक्ति की इनकम और जिम्मेदारियां दूसरे व्यक्ति से अलग होती हैं। कुछ लोगों को मातापिता या पुश्तैनी प्रॉपर्टी में हिस्सा मिलता है। कुछ लोगों के पास इस तरह का बेनेफिट नहीं होता है।