Electricity Bill Hike in Tamil Nadu: तमिलनाडु में बिजली की कीमतों में भारी बढ़ोतरी की गई है। तमिलनाडु विद्युत विनियामक आयोग (TNERC) ने घरेलू और अन्य सभी उपभोक्ताओं के लिए 4.83 फीसदी की बढ़ोतरी की घोषणा की है। TNERC ने कहा कि राज्य में यह बढ़ोतरी कंज्यूमर प्राइस इंफ्लेशन (CPI) के अनुसार की गई है। नया टैरिफ आदेश इस साल 1 जुलाई से प्रभावी होगा। आयोग ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में बढ़ते वित्तीय घाटे की भरपाई के लिए यह कदम उठाया गया है।
तमिलनाडु जनरेशन एंड डिस्ट्रीब्यूशन कॉरपोरेशन (TANGEDCO) की विज्ञप्ति में कहा गया है कि संशोधित टैरिफ के अनुसार, घरेलू उपभोक्ताओं के लिए विभिन्न कैटेगरी में 5 रुपये से 40 रुपये के बीच की वृद्धि की गई है। पट्टाली मक्कल कच्ची और अम्मा मक्कल मुनेत्र कड़गम सहित तमाम विपक्षी दलों ने टैरिफ संशोधन का विरोध किया है।
बढ़ाई गई नई दरों के मुताबिक अब 0 से लेकर 400 यूनिट तक बिजली इस्तेमाल करने वालो को अब 4 रुपए 60 पैसे की जगह 4 रुपए 80 पैसे के हिसाब से बिल भरना होगा। इसके अलावा 401 यूनिट से 500 यूनिट तक इस्तेमाल करने पर बिजली उपभोक्ता को 6 रुपए 15 पैसे से बढ़ाकर 6 रुपए 45 पैसे प्रति यूनिट के हिसाब से बिल का भुगतान करना होगा। वहीं, 501 यूनिट से 600 यूनिट तक बिजली यूज करने पर 8 रुपए 15 पैसे से बढ़ाकर 8 रुपए 55 पैसे का बिल भुगतान करना होगा।
बढ़ी हुई कीमतों के मुताबिक, अब 601 से 800 यूनिट तक बिजली का इस्तेमाल करने पर 9 रुपए 20 पैसे की जगह अब 9 रुपए 65 पैसे के हिसाब से बिल का पेमेंट करना होगा। इसके साथ ही 801 यूनिट से 1,000 यूनिट तक बिजली इस्तेमाल करने करने पर 10 रुपए 20 पैसे की जगह 10 रुपए 70 पैसे के हिसाब से बिल का भुगतान करना होगा। जबकि 1,000 यूनिट से अधिक पर 11 रुपए 80 पैसे के हिसाब से पेमेंट करना पड़ेगा।
- सभी घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 100 यूनिट तक मुफ्त बिजली और हथकरघा, कृषि और पूजा स्थलों सहित अन्य लोगों के लिए सब्सिडी जारी रहेगी।
- दो महीने तक 200 यूनिट तक बिजली का उपयोग करने वाले 63 लाख घरेलू उपभोक्ताओं के लिए यह बढ़ोतरी अधिकतम पांच रुपये प्रति माह होगी।
- दो महीने तक 300 यूनिट तक खपत करने वाले 35 लाख घरेलू उपभोक्ताओं के लिए नया टैरिफ अधिकतम 15 रुपये प्रति माह होगा।
- दो महीने तक 400 यूनिट और 500 यूनिट खपत करने वाले घरेलू उपभोक्ताओं के लिए संशोधित टैरिफ क्रमशः 25 रुपये और 40 रुपये प्रति माह होगा।
- कम और उच्च ट्रांसमिशन उद्योगों के लिए टैरिफ को संशोधित कर 35 पैसे प्रति यूनिट किया जा रहा है।