संगठित क्षेत्र के कर्मचारियों के रिटायरमेंट फंड को मैनेज करने वाले कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (Employees' Provident Fund Organization या EPFO) ने जनवरी 2024 में शुद्ध रूप से 16.02 लाख सदस्य (Members/Subscribers) जोड़े। रविवार 24 मार्च को जारी पेरोल के आंकड़ों से यह जानकारी मिली। श्रम मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि जनवरी 2024 में लगभग 8.08 लाख मेंबर्स ऐसे रहे, जो पहली बार EPFO के साथ एनरोल हुए हैं। मंत्रालय ने कहा कि कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के प्रोविजनल पेरोल आंकड़ों के मुताबिक, EPFO ने जनवरी 2024 में शुद्ध आधार पर 16.02 लाख सदस्यों को जोड़ा है।
आंकड़ों के मुताबिक, इनमें से अधिकांश सदस्य 18-25 आयु वर्ग के हैं। इनकी संख्या जनवरी 2024 में जोड़े गए कुल नए सदस्यों का 56.41 प्रतिशत है। इससे पता चलता है कि ऑर्गेनाइज्ड वर्कफोर्स में शामिल होने वाले अधिकांश व्यक्ति युवा हैं। ये मुख्य रूप से पहली बार नौकरी कर रहे लोग हैं।
12.17 लाख सदस्यों ने EPFO को किया रीजॉइन
पेरोल आंकड़ों से पता चलता है कि लगभग 12.17 लाख सदस्य, जो EPFO की स्कीम्स से एग्जिट कर गए थे, वे फिर से EPFO के साथ जुड़ चुके हैं। इन सदस्यों ने अपनी नौकरी बदल ली और कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के तहत कवर होने वाले एस्टेबिलिशमेंट्स से फिर से जुड़ गए। ऐसे एंप्लॉयीज ने अपने फंड को ट्रांसफर करने का विकल्प चुना। आंकड़ों के मुताबिक, जनवरी में जुड़े 8.08 लाख नए सदस्यों में से लगभग 2.05 लाख सदस्य महिला हैं। जनवरी में जुड़ीं कुल महिला सदस्यों की संख्या लगभग 3.03 लाख रही।
जारी किया गया यह पेरोल डेटा प्रोविजनल है क्योंकि डेटा जनरेशन और कर्मचारी रिकॉर्ड अपडेट करना एक लगातार चलने वाली प्रक्रिया है। इसलिए पिछला डेटा हर महीने अपडेट किया जाता है। अप्रैल 2018 से, कर्मचारी भविष्य निधि संगठन सितंबर 2017 से आगे की अवधि को कवर करते हुए पेरोल डेटा जारी कर रहा है।