PF Account Scam: मुंबई में साइबर जालसाजी का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक दक्षिण मुंबई के एक बुजुर्ग व्यक्ति से एक साइबर जालसाज ने 4.35 करोड़ रुपये की ठगी की। धोखाधड़ी के मामले में उसे बताया गया कि वह 11 करोड़ रुपये का प्रॉविडेंट फंड (Provident Fund - PF) पाने का हकदार है। यह घटना तब सामने आई जब एक व्यक्ति की 71 साल की पत्नी ने कफ परेड पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।
EPFO के नाम पर किया गया फ्रॉड
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उसने अपनी शिकायत में कहा कि उसे इस साल मई में एक महिला का फोन आया। फोन करने वाली महिला ने दावा किया कि वह कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) से बोल रही है। पीड़िता का विश्वास जीतने के लिए कॉल करने वाले ने शिकायतकर्ता के पति के बारे में सभी सही जानकारी उसे दी। फोन करने वाले ने शिकायतकर्ता को यह भी बताया कि उसके पति की कंपनी ने 20 साल के पीरियड के लिए उसके EPF अकाउंट में 4 लाख रुपये जमा किए थे। वह अब 11 करोड़ रुपये की मैच्योरिटी अमाउंट पाने के हकदार है।
4 करोड़ रुपये से अधिक की हुई ठगी
शिकायतकर्ता के पति पहले एक बड़ी IT कंपनी में काम करते थे। उनके रिटायरमेंट के बाद दंपति ने मैच्योरिटी के बाद लगाया हुआ पैसा निकाल लिया था। इसके बाद फोन करने वाले ने महिला से टीडीएस, जीएसटी और इनकम टैक्स के पेमेंट के लिए जरूरी पैसे जमा करने को कहा। उन्होंने कहा उस पर भरोसा करके महिला ने समय-समय पर उनके निर्देश के अनुसार बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर कर दिए। इस तरह आरोपी महिला ने दंपति से 4.35 करोड़ रुपये की ठगी की। पीड़ित को मई से सितंबर के बीच कई बार अलग-अलग बहाने से पैसे ट्रांसफर करने के लिए कहा गया। लेकिन जब कॉल करने वाला और पैसे की मांग करता रहा, तो दंपति ने उससे कहा कि उनके पास और पैसे नहीं हैं।
उन्होंने बताया कि फोन करने वाली महिला धमकी देने लगी कि वह आईटी विभाग को सूचित कर देगी। उन्होंने बताया कि जब उन्हें एहसास हुआ कि उनके साथ धोखा हुआ है, तो दंपति ने पुलिस से संपर्क किया और शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 384 (जबरन वसूली), 419 (धोखाधड़ी), 420 (धोखाधड़ी और बेईमानी से एसेट्स की डिलीवरी के लिए प्रेरित करना) के तहत मामला दर्ज किया गया है। अभी इस मामले की जांच चल रही है।