सोने में अगले साल भी तेजी जारी रहेगी। गोल्डमैन सैक्स के सर्वे से यह जानकारी मिली है। इस सर्वे में शामिल करीब 70 फीसदी ग्लोबल इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स का मानना है कि साल 2026 में सोने में तेजी बनी रहेगी। इससे यह नई ऊंचाई पर पहुंच जाएगा। 1 दिसंबर को सोने में जबर्दस्त तेजी दिखी। इससे यह 6 हफ्तों के सबसे हाई लेवल पर पहुंच गया। अमेरिका में इंटरेस्ट रेट घटने की उम्मीद से सोने को सपोर्ट मिल रहा है।
21 अक्टूबर के बाद गोल्ड सबसे हाई लेवल पर
इंडिया में गोल्ड फ्यूचर्स में 1 दिसंबर को तूफानी तेजी दिखी। कमोडिटी एक्सचेंज एमसीएक्स में सोना 1,423 रुपये यानी 1.13 फीसदी के उछाल के साथ 1,26,927 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में गोल्ड 0.6 फीसदी चढ़कर 4,255.98 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। 21 अक्तूबर के बाद यह गोल्ड का सबसे ऊंचा भा है। सिल्वर भी 1.9 फीसदी के उछाल से 57.46 डॉलर प्रति औंस पर था।
अगले साल गोल्ड 5000 डॉलर के पार होगा
गोल्डमैन सैक्स ने अपने प्लेटफॉर्म के जरिए 12 नवंबर से 14 नवंबर के बीच यह सर्वे किया। इस सर्वे में 900 से ज्यादा क्लाइंट्स ने गोल्ड की कीमतों को लेकर अपनी उम्मीदों को बारे में बताया। करीब 36 फीसदी क्लाइंट्स का मानना था कि 2026 के अंत तक गोल्ड 5,000 डॉलर प्रति औंस के पार निकल जाएगा। एक-तिहाई क्लाइंट्स का कहना था कि सोने का भाव 4,500-5,000 डॉलर प्रति औंस के बीच रहेगा।
इस साल सोना करीब 61 फीसदी चढ़ा है
5 फीसदी से कुछ ज्यादा क्लाइंट्स का मानना था कि सोने की कीमतें गिरकर 3,500-4,000 डॉलर प्रति औंस की रेंज में रहेंगी। गोल्डमैन सैक्स के मुताबिक, अमेरिका में इंटरेस्ट रेट घटने की उम्मीद और केंद्रीय बैंकों के गोल्ड खरीदने से साल सोने की कीमतें रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गईं। इस साल सोना करीब 61 फीसदी चढ़ा है। यह लगातार तीसरा साल होगा, जब गोल्ड का रिटर्न डबल डिजिटल में रहेगा। पिछले महीने सोना पहली पार 4,000 डॉलर प्रति औंस के पार निकला था।
सोने में बढ़ी है इनवेस्टर्स की दिलचस्पी
गोल्डमैन सैक्स के सर्वे में शामिल क्लाइंट्स का मानना था कि केंद्रीय बैंकों के गोल्ड की खरीदारी जारी रहने से 2026 में इसकी कीमतों में तेजी बनी रहेगी। स्प्रॉट एसेट मैनेजमेंट की 2025 की रिपोर्ट के मुताबिक, सोने में निवेश में स्ट्रक्चरल शिफ्ट दिख रहा है। इनवेस्टर्स डॉलर में इश्यू होने वाले बॉन्ड्स और करेंसी के लिहाज से संवेदनशील माने जाने वाले शेयरों की जगह कीमती मेटल्स और क्रिप्टोकरेंसी में पैसे लगा रहे हैं।
जेपी मॉर्गन को भी गोल्ड में तेजी की उम्मीद
जेपी मॉर्गन ने भी गोल्ड का आउटलुक पॉजिटिव रहने का अनुमान जताया है। उसने कहा है कि अगले साल की अंतिम तिमाही में सोना 5,055 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच सकता है। मॉर्गन स्टेनली का कहना है कि अगले साल के अंत तक सोने का भाव करीब 4.400 डॉलर प्रति औंस रहेगा।