Get App

Gold Price: नवरात्रि से पहले नए पीक पर सोने का भाव! दिल्ली में 76,350 रुपये पहुंचा 10 ग्राम गोल्ड का रेट

Gold Price Today: वैश्विक स्तर पर बहुमूल्य धातुओं की कीमतों में तेजी के बीच राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने का भाव शुक्रवार को 700 रुपये चढ़कर 76,350 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। पिछले कारोबारी सत्र में बृहस्पतिवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 75,650 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था

MoneyControl Newsअपडेटेड Sep 20, 2024 पर 7:48 PM
Gold Price: नवरात्रि से पहले नए पीक पर सोने का भाव! दिल्ली में 76,350 रुपये पहुंचा 10 ग्राम गोल्ड का रेट
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने का भाव शुक्रवार को 700 रुपये चढ़कर 76,350 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया।

Gold Price Today: वैश्विक स्तर पर बहुमूल्य धातुओं की कीमतों में तेजी के बीच राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने का भाव शुक्रवार को 700 रुपये चढ़कर 76,350 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। पिछले कारोबारी सत्र में बृहस्पतिवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 75,650 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। हालांकि, चांदी की कीमत शु्क्रवार को 91,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बनी हुई है। चांदी के रेट में कोई बदलाव नहीं आया है।

अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक, 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत लगातार तीसरे सत्र में बढ़ी और शुक्रवार को यह 700 रुपये बढ़कर 76,000 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। पहले यह 75,300 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बंद हुआ था।

स्थानीय बाजारों में कारोबारियों ने बहुमूल्य धातुओं की कीमतों में उछाल का श्रेय त्योहारों और शादियों के आगामी मौसम के कारण आभूषण विक्रेताओं और स्टॉकिस्ट की तरफ से आने वाली मांग में तेजी को दिया। दूसरी तरफ, मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) के वायदा कारोबार में अक्टूबर आपूर्ति वाले सोने का अनुबंध भाव 341 रुपये यानी 0.46 प्रतिशत बढ़कर 73,779 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। एक्सचेंज में दिसंबर आपूर्ति वाले चांदी के अनुबंध की कीमत 145 रुपये यानी 0.16 प्रतिशत बढ़कर 90,113 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई।

वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक सीमा शुल्क में भारी कटौती और त्योहारी मांग के कारण अगस्त में भारत का स्वर्ण आयात दोगुने से अधिक होकर 10.06 अरब डॉलर के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गया। एक साल पहले अगस्त 2023 में 4.93 अरब डॉलर मूल्य का सोना आयात किया गया था। बजट में सरकार ने सोने के आयात पर शुल्क को 15 प्रतिशत से घटाकर छह प्रतिशत कर दिया था। चीन के बाद भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा स्वर्ण उपभोक्ता देश है।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें