Gold Price: अगले 7 साल में 229% तक बढ़ेगा सोने का भाव! ₹3.61 लाख तक जा सकती है 10 ग्राम की कीमत
Gold price forecast: भारत में सोने की कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर हैं। फाइनेंशियल इंस्टीट्यूशन का अनुमान है कि ग्लोबल डिमांड से सोना 7 साल में 229% तक बढ़ सकता है। एक्सपर्ट ने गोल्ड खरीदारी पर भी राय दी है। जानिए डिटेल।
गोल्ड की कीमतों को लेकर सबसे बोल्ड प्रेडिक्शन Swiss Asia की है।
Gold Price: भारत में सोने की कीमतें हाल ही में रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई हैं। त्योहार और शादी का सीजन भी करीब आ रहा है। ऐसे में कई खरीदार उलझन में हैं कि उन्हें अभी गहने खरीदने चाहिए या फिर सोने की कीमतों में गिरावट का इंतजार करना चाहिए। कई ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म का मानना है कि गोल्ड में तेजी का सिलसिला बरकरार रहेगा। यहां तक कि अगले कुछ साल के दौरान कीमतों में 229% का भारी उछाल भी आ सकता है।
क्यों बढ़ रहे हैं सोने के दाम
वैश्विक अनिश्चितता और भारतीयों की पारंपरिक खरीदारी इस तेजी को सहारा दे रही है। Aspect Bullion & Refinery के CEO दर्शन देसाई का कहना है, 'थोड़े उतार-चढ़ाव आते रहेंगे, लेकिन सुरक्षित निवेश की डिमांड और ग्लोबल आर्थिक हालात कीमतों को सपोर्ट करते रहेंगे।'
Indian Bullion & Jewellers Association (IBJA) की वाइस प्रेसिडेंट अक्षा कम्बोज का मानना है कि मार्केट का सही लो पकड़ना मुश्किल है। उन्होंने कहा, 'बेहतर है कि लोग किस्तों में खरीदारी करें, क्योंकि बड़ी गिरावट आने की संभावना कम है।'
IBJA के पूर्व प्रेसिडेंट मोहित कम्बोज का कहना है कि भले ही बाजार थोड़ी देर के लिए थमे, लेकिन त्योहारों की मांग और सुरक्षित निवेश का फ्लो सोने की कीमतों को नीचे नहीं जाने देगा।
कीमतें नीचे आने पर होती खरीदारी
CaratLane के मैनेजिंग डायरेक्टर सौमेन भौमिक बताते हैं कि सोना सिर्फ निवेश नहीं, बल्कि भारतीयों के लिए भावनाओं और परंपरा से जुड़ा है। वे कहते हैं, 'कीमतें नीचे आते ही लोग तुरंत खरीदारी करने लगते हैं।'
Skygold & Diamonds के मंगेश चौहान का कहना है कि खरीदार अपनी जेब और निवेश के बीच संतुलन बनाने के लिए कम कैरेट का सोना या 24 कैरेट गोल्ड चुन सकते हैं।
सोने की कीमतों का आगे का रुझान
फिलहाल सोना $3,650 प्रति औंस पर है। Capital League के राजुल कोठारी कहते हैं कि सोना निकट भविष्य में $3,700–$3,800 तक जा सकता है। हालांकि, शॉर्ट टर्म में 2–5% की गिरावट भी आ सकती है। गोल्ड पर वैश्विक संस्थानों का अनुमान नीचे दिया गया है।
संस्था
अनुमानित कीमत (प्रति औंस)
संभावित बदलाव
Bank of America
$3,650
0%
Citigroup
$4,000
9.60%
Goldman Sachs
$5,000
37.00%
Swiss Asia (2032 तक)
$8,000–$12,000
119% से 229%
₹3.61 लाख प्रति 10 ग्राम तक जाएगा भाव?
अभी सोने का भाव ₹1.10 लाख प्रति 10 ग्राम है। गोल्ड की कीमतों को लेकर सबसे बोल्ड प्रेडिक्शन Swiss Asia की है। इसके मुताबिक, सोने का भाव साल 2032 तक 119% से 229% तक बढ़ सकता है।
अगर गोल्ड में 119% की बढ़ोतरी होती है तो नया भाव करीब ₹2,40,900 प्रति 10 ग्राम होगा। वहीं, 229% की बढ़ोतरी होने पर यह ₹3,61,900 प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकता है। यानी सोना अगले 7 साल में ₹2.40 लाख से लेकर ₹3.61 लाख प्रति 10 ग्राम तक जा सकता है।
कुछ साल में भाव 120% बढ़ने का अनुमान
Swiss Asia Capital के मैनेजिंग डायरेक्टर और चीफ इन्वेस्टमेंट ऑफिसर जुएर्ग कीनर (Juerg Kiener) के अनुसार, आने वाले कुछ साल में सोने की कीमत 37% से लेकर 120% तक बढ़ सकती हैं।
वहीं, सिटीग्रुप का अनुमान अभी 9.6% की बढ़ोतरी का है। इसके आधार पर गोल्ड लगभग ₹1,20,560 प्रति 10 ग्राम हो जाएगा। वहीं, गोल्डमैन सैक्स का मानना है कि सोना 37% उछल सकता है। इस हिसाब से यह ₹1,50,700 प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकता है।
निवेशकों के लिए खरीदारी की स्ट्रैटेजी
एक्सपर्ट्स मानते हैं कि एकमुश्त सोना खरीदना सही नहीं है। Aspect Bullion & Refinery के दर्शन देसाई का कहना है कि आने वाले हफ्तों में किस्तों में खरीदारी करना सबसे सुरक्षित तरीका होगा।
किस्तों में निवेश करें। कुल बजट का 25% अभी लगाएं, अगर 2–5% की गिरावट आए तो और खरीदें। बाकी आगे की चाल देखकर फैसला करें।
गोल्ड में छोटे निवेश से शुरुआत करें। सतर्क निवेशक मौजूदा स्तर पर 20–30% खरीद कर सकते हैं और बाकी कैश रिजर्व रखें।
मीडियम टर्म में सोना ऊपर जाने की संभावना है, इसलिए बिल्कुल बाहर रहना सही नहीं। थोड़ा-बहुत निवेश जरूर करते रहें।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।