हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (Hindustan Aeronautics Ltd (HAL) स्वदेशी लड़ाकू जहाज बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। एचएएल अब Tejas Mark 2 उत्पादन करेगी। इसे अत्यंत आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल करके बनाया जायेगा। इतना ही नहीं तेजस के नये विमान Mirage 2000, Jaguar, MIG 29 की जगह लेंगे।
सीएनबीसी -आवाज़ के एक्सक्लूसिव सूत्रों से ये जानकारी मिली है कि Tejas Mark 2 फाइटर जेट के लिए CCS (CABINET COMMITTEE ON SECURITY) से भी मंजूरी मिल गई है। इस फाइटर विमान के उत्पादन में 10,000 करोड़ रुपये खर्च होने की संभावना है।
इस पर ज्यादा जानकारी देते हुए सीएनबीसी-आवाज़ के लक्ष्मण रॉय ने सूत्रों के हवाले से कहा कि रक्षा सेक्टर में आत्मनिर्भर बनने के लिए सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। सरकार चाहती है जो कि विमान खराब हो जाये उनकी जगह स्वदेशी विमान लें। यानी कि यदि Mirage 2000, Jaguar, MIG 29 जैसे फाइटर जो कि पुराने होते जा रहे हैं उनकी जगह देश में स्वदेशी तकनीक से बने हुए फाइटर विमान ही लें।
इसी कड़ी में कल संपन्न हुई कैबिनेट कमिटी ऑफ सिक्योरिटी की बैठक में एचएएल द्वारा Tejas Mark 2 लड़ाकू विमान को बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है। सूत्रों के मुताबिक Tejas Mark 2 विमान पूरी तरह से भारत में निर्मित एक लड़ाकू विमान होगा। उन्होंने के कहा कि इसे बनाने के लिए पूरा खाका तैयार कर लिया है।
सरकार के सूत्रों के मुताबिक इसे एचएएल द्वारा बनाया जायेगा। इसमें 10,000 करोड़ रुपये का खर्च होने की उम्मीद है। सरकार चाहती है कि इसे अगले कुछ सालों में एयरफोर्स में शामिल कर लिया जाए। एयरोनॉटिकल डेवलपमेंट एजेंसी के साथ मिलकर इस लड़ाकू विमान को बनाया जायेगा।
इस खबर के बाद आज HAL के शेयर में तेजी देखने को मिली। आज यानी 1 सितंबर 2022 को दोपहर 1.16 बजे एनएसई पर ये शेयर 0.84 प्रतिशत या 19.20 रुपये बढ़कर 2314.40 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। इसका 52 हफ्ते का उच्चतम स्तर 2349.95 रुपये और 52 हफ्ते का न्यूनतम स्तर 1181.20 रुपये रहा है।
डिस्क्लेमर: (यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। सीएनबीसी-आवाज़ या मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।)