Social Media Income Tax: फेसबुक, इंस्टाग्राम, X और यूट्यूब से हो रही है कमाई? जानिए कितना देना पड़ेगा टैक्स

Social Media Income Tax: फेसबुक, इंस्टाग्राम, X और यूट्यूब ms कमाई करने वाले क्रिएटर्स को अब टैक्स, GST और ITR नियमों को समझना जरूरी हो गया है। जानिए सोशल मीडिया इनकम पर कब टैक्स लगता है, कौन सा ITR भरना पड़ सकता है और किन कमाई पर GST लागू हो सकता है।

अपडेटेड May 11, 2026 पर 3:02 PM
Story continues below Advertisement
सोशल मीडिया क्रिएटर्स और इन्फ्लुएंसर्स को आमतौर पर ITR-3 या ITR-4 भरना पड़ सकता है।

Social Media Income Tax: सोशल मीडिया अब सिर्फ मनोरंजन का जरिया नहीं रह गया है। आज लाखों लोग Facebook, Instagram, X और YouTube जैसे प्लेटफॉर्म्स से अच्छी कमाई कर रहे हैं। कोई रील बनाकर पैसा कमा रहा है, कोई ब्रांड प्रमोशन से कमाई कर रहा है, तो कोई विज्ञापनों, एफिलिएट लिंक और पेड कंटेंट से इनकम हासिल कर रहा है।

लेकिन जैसे-जैसे सोशल मीडिया से कमाई बढ़ रही है, इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की नजर भी इस पर बढ़ती जा रही है। कई लोगों को पूरा जानकारी नहीं होती कि सोशल मीडिया से हुई कमाई पर टैक्स कब देना पड़ता है, कितना टैक्स लगता है और आयकर रिटर्न में इसे किस तरह दिखाना चाहिए।

सोशल मीडिया पर कैसे होती है कमाई


आज कंटेंट क्रिएटर्स कई अलग-अलग तरीकों से पैसा कमाते हैं। सबसे आम तरीका प्लेटफॉर्म मोनेटाइजेशन है। जैसे यूट्यूब विज्ञापन कमाई, फेसबुक मोनेटाइजेशन या X रेवेन्यू शेयरिंग।

इसके अलावा कंपनियां ब्रांड प्रमोशन और पेड प्रचार के जरिए भी क्रिएटर्स को पैसा देती हैं। कई लोग एफिलिएट मार्केटिंग से कमाई करते हैं, जहां किसी प्रोडक्ट का लिंक शेयर करने पर कमीशन मिलता है।

कुछ लोग पेड सब्सक्रिप्शन, ऑनलाइन कोर्स, लाइव सेशन और डिजिटल प्रोडक्ट बेचकर भी कमाई करते हैं। आयकर विभाग की नजर में यह सारी कमाई टैक्स योग्य आय मानी जाती है।

क्या सोशल मीडिया की कमाई पर टैक्स लगता है?

इसका जवाब है, हां। भारत में सोशल मीडिया से होने वाली कमाई पूरी तरह टैक्स के दायरे में आती है। आयकर विभाग इसे आमतौर पर बिजनेस या प्रोफेशनल इनकम मानता है।

अगर कोई व्यक्ति नियमित रूप से कंटेंट बनाकर पैसा कमा रहा है, कंपनियों के साथ प्रमोशन कर रहा है या मोनेटाइजेशन से पैसे कमा रहा है, तो उसे अपनी कमाई आयकर रिटर्न में दिखानी होती है। यह जरूरी नहीं कि कमाई बहुत बड़ी हो तभी टैक्स लगे। अगर आपकी कुल सालाना कमाई तय सीमा से ऊपर जाती है, तो टैक्स देना पड़ सकता है।

कितनी कमाई तक टैक्स नहीं देना पड़ता

नई टैक्स व्यवस्था के तहत 4 लाख रुपये तक की सालाना आय पर कोई टैक्स नहीं लगता। वहीं Section 87A rebate की वजह से कई मामलों में 12 लाख रुपये तक की टैक्स योग्य इनकम पर भी टैक्स देनदारी शून्य हो सकती है।

हालांकि टैक्स न बनना और आयकर रिटर्न न भरना दोनों अलग बातें हैं। अगर सोशल मीडिया से नियमित कमाई हो रही है, विदेशी भुगतान मिल रहा है या ब्रांड डील्स से आय हो रही है, तो आय का सही रिकॉर्ड रखना और जरूरत पड़ने पर ITR भरना जरूरी हो सकता है।

क्या जीएसटी भी लागू हो सकता है?

हां, कई मामलों में सोशल मीडिया से होने वाली कमाई पर GST भी लागू हो सकता है। अगर कोई कंटेंट क्रिएटर या इन्फ्लुएंसर ब्रांड प्रमोशन, पेड पोस्ट, विज्ञापन, डिजिटल सेवाएं या सलाह सेवाओं से कमाई कर रहा है और उसकी सालाना कमाई तय सीमा से ऊपर चली जाती है, तो उसे GST रजिस्ट्रेशन कराना पड़ सकता है।

खासकर यूट्यूब, इंस्टाग्राम या दूसरी विदेशी कंपनियों से भुगतान लेने वाले क्रिएटर्स के लिए GST नियम और भी अहम हो जाते हैं। ऐसे मामलों में कई बार विदेशी सेवा निर्यात से जुड़े नियम भी लागू हो सकते हैं।

विदेश से आने वाली कमाई पर क्या नियम हैं

अगर किसी सोशल मीडिया क्रिएटर को Google, YouTube, Instagram, विदेशी ब्रांड्स या दूसरी विदेशी कंपनियों से भुगतान मिलता है, तो उस कमाई पर भारत में टैक्स लागू हो सकता है और इसे आयकर रिटर्न में दिखाना जरूरी होता है। ऐसे मामलों में FEMA यानी Foreign Exchange Management Act के नियम भी लागू हो सकते हैं।

वहीं कई मामलों में इस आय को GST के तहत 'सर्विस एक्सपोर्ट' माना जा सकता है। अगर जरूरी शर्तें पूरी होती हैं, तो यह जीरो-रेटेड सप्लाई की कैटेगरी में आ सकती है। एक्सपर्ट्स सलाह देते हैं कि विदेशी भुगतान पाने वाले क्रिएटर्स बैंक रिकॉर्ड, इनवॉइस और भुगतान से जुड़े सभी दस्तावेज संभालकर रखें।

क्या गिफ्ट और फ्री प्रोडक्ट पर भी टैक्स लग सकता है?

कई मामलों में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को मिलने वाले गिफ्ट, फ्री प्रोडक्ट, महंगे गैजेट, विदेशी ट्रिप, होटल स्टे या दूसरे फायदे टैक्स के दायरे में आ सकते हैं। आयकर कानून की धारा 194R के तहत अगर किसी ब्रांड या कंपनी की ओर से दिए गए गिफ्ट और फ्रीबीज की कुल वैल्यू एक वित्त वर्ष में 20,000 रुपये से ज्यादा हो जाती है, तो उस पर 10% TDS काटा जा सकता है।

अगर इन्फ्लुएंसर प्रोडक्ट अपने पास रखता है, तो उसकी मार्केट वैल्यू को आय माना जा सकता है। हालांकि अगर प्रोडक्ट इस्तेमाल के बाद कंपनी को वापस कर दिया जाए, तो आमतौर पर उसे टैक्सेबल बेनेफिट नहीं माना जाता।

कौन सा आयकर फॉर्म भरना पड़ सकता है

सोशल मीडिया क्रिएटर्स और इन्फ्लुएंसर्स को आमतौर पर ITR-3 या ITR-4 भरना पड़ सकता है। अगर कोई व्यक्ति नियमित तौर पर कंटेंट बनाकर कमाई कर रहा है और सामान्य तरीके से अपनी आय दिखाना चाहता है, तो आमतौर पर ITR-3 लागू होता है। वहीं अगर कोई presumptive taxation scheme चुनता है, तो वह ITR-4 भर सकता है।

हाल के वर्षों में आयकर विभाग ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के लिए अलग प्रोफेशन कोड 16021 भी जोड़ा है। एक्सपर्ट्स के मुताबिक सही ITR फॉर्म कुछ खास बातों पर निर्भर करता है। जैसे कि

  • आपकी कुल आय कितनी है।
  • विदेशी आय है या नहीं।
  • नौकरी के साथ यह कमाई हो रही है या नहीं।
  • आप खर्च का दावा कर रहे हैं या नहीं।
  • जीएसटी लागू है या नहीं।
  • आपने कौन सी टैक्स व्यवस्था चुनी है।

इसी वजह से बड़े क्रिएटर्स अक्सर चार्टर्ड अकाउंटेंट की मदद लेते हैं।

खर्च का दावा भी किया जा सकता है

अगर आप पेशेवर कंटेंट क्रिएटर के तौर पर काम कर रहे हैं, तो कुछ खर्चों का दावा भी किया जा सकता है। इसमें कैमरा और लैपटॉप खरीदने का खर्च, इंटरनेट बिल, वीडियो एडिटिंग सॉफ्टवेयर, स्टूडियो किराया, यात्रा खर्च और प्रचार पर होने वाला खर्च शामिल हो सकता है। हालांकि इसके लिए सभी बिल, इनवॉइस और भुगतान से जुड़े रिकॉर्ड संभालकर रखना जरूरी होता है।

टैक्स न भरने पर क्या हो सकता है

कई लोग सोचते हैं कि सोशल मीडिया से कमाई छोटी है, इसलिए विभाग को पता नहीं चलेगा। लेकिन आज डिजिटल भुगतान, बैंक ट्रांजैक्शन और प्लेटफॉर्म रिकॉर्ड की वजह से कमाई का पता लगाना पहले के मुकाबले काफी आसान हो गया है। अगर बड़ी कमाई छिपाई गई, तो काफी मुश्किल हो सकती है:

  • आयकर नोटिस आ सकता है।
  • जुर्माना लग सकता है।
  • ब्याज देना पड़ सकता है।
  • जांच बढ़ सकती है।

क्यों जरूरी है सही प्लानिंग

सोशल मीडिया से होने वाली कमाई कई बार नियमित नहीं होती। किसी महीने बहुत ज्यादा कमाई होती है और किसी महीने कम। इसी वजह से कंटेंट क्रिएटर्स के लिए बजट, इमरजेंसी फंड और टैक्स योजना काफी जरूरी मानी जाती है।

कई फाइनेंशियल एक्सपर्ट सलाह देते हैं कि क्रिएटर्स अपनी कमाई का एक हिस्सा शुरुआत से ही टैक्स भुगतान के लिए अलग रखते रहें, ताकि बाद में अचानक बड़ा बोझ न आए। सोशल मीडिया से कमाई आज एक बड़ा करियर विकल्प बन चुका है। लेकिन इसके साथ टैक्स नियमों का पालन और आर्थिक अनुशासन भी उतना ही जरूरी है।

Income Tax: बदल गए ITR फाइल करने ये के नियम! सैलरी क्लास से लेकर व्यापारियों तक, जानें नए फॉर्म में क्या-क्या बदला?

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।