Credit Score: आज की बिजी जिंदगी में कई बार हमें यह याद नहीं रहता कि हमारे नाम पर कितने लोन चल रहे हैं। होम लोन या गोल्ड लोन की ईएमआई तो लोग समय पर भर देते हैं, लेकिन क्रेडिट कार्ड से की गई खरीदारी या छोटे पर्सनल लोन की किश्तें भूल जाते हैं। ऐसे में छोटी सी चूक भी आपके क्रेडिट स्कोर को नुकसान पहुंचा सकती है।
इसके अलावा आजकल पहचान की चोरी और ऑनलाइन फ्रॉड के मामले भी बढ़ रहे हैं। कई बार लोगों के नाम पर बिना जानकारी के लोन ले लिया जाता है। अगर ऐसा लोन समय पर नहीं चुकाया गया तो आपका सिबिल स्कोर खराब हो सकता है। भविष्य में लोन लेने में दिक्कत आ सकती है या ज्यादा ब्याज दर चुकानी पड़ सकती है। इसलिए समय-समय पर अपनी फाइनेंशियल स्थिति की जांच करना जरूरी है।
क्रेडिट रिपोर्ट जरूर देखें
साल में कम से कम एक बार अपनी क्रेडिट रिपोर्ट जरूर चेक करें। इसमें आपके सभी चालू और बंद लोन की जानकारी होती है। साथ ही क्रेडिट कार्ड का बकाया और पेमेंट का रिकॉर्ड भी दिखता है। आप यह रिपोर्ट CIBIL, Experian, Equifax या CRIF High Mark जैसी एजेंसियों से ले सकते हैं।
बैंक अलर्ट और पर रखें नजर
बैंक हर ईएमआई और पेमेंट से पहले मैसेज या अलर्ट भेजते हैं। अपने मोबाइल पर आने वाले SMS और बैंक स्टेटमेंट को ध्यान से देखें। अगर कोई अनजान या संदिग्ध एंट्री दिखे तो तुरंत जांच करें। इससे पहचान की चोरी के मामलों का पता जल्दी चल सकता है।
नेट बैंकिंग और लोन वेबसाइट चेक करें
जिस बैंक या फाइनेंशियल संस्था से आपने लोन लिया है, उसकी आधिकारिक वेबसाइट पर लॉगिन करें। वहां आपके सभी लोन की स्थिति, बकाया रकम और अगली ईएमआई की तारीख की जानकारी मिल जाएगी।
जरूरत पड़े तो बैंक ब्रांच जाएं
अगर फिर भी कोई कन्फ्यूजन हो तो संबंधित बैंक की ब्रांच में जाकर जानकारी लें। अपने पहचान पत्र और बैंक डॉक्यूमेंट साथ रखें। बैंक अधिकारी साफ बताएंगे कि आपके नाम पर कौन-कौन से लोन जुड़े हैं।
धोखाधड़ी मिले तो तुरंत शिकायत करें
अगर आपके नाम पर किसी ने गलत तरीके से लोन लिया है, तो तुरंत बैंक और क्रेडिट ब्यूरो को शिकायत करें। जरूरत पड़े तो पुलिस में भी मामला दर्ज कराएं। समय पर कार्रवाई करने से आपका क्रेडिट स्कोर बचाया जा सकता है।