Fastag: अगर आप हाईवे पर गाड़ी चलाते हैं, तो आपने अपने व्हीकल पर FASTag जरूर लगवाया होगा। ये एक स्टिकर होता है जो रेडियो-फ्रीक्वेंसी (RFID) तकनीक से जुड़ा होता है। इससे टोल प्लाजा पर बिना रुके सीधे आपके बैंक अकाउंट से पैसा कट जाता है। लेकिन अगर आप किसी और बैंक की सर्विस लेना चाहते हैं या मौजूदा बैंक में कोई परेशानी आ रही है, तो अब आप अपना FASTag दूसरे बैंक में आसानी से ट्रांसफर कर सकते हैं।
लोग FASTag ट्रांसफर क्यों करना चाहते हैं?
कई बार कुछ बैंकों पर भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) पाबंदी लगा देता है। अगर आपका FASTag ऐसे बैंक से जुड़ा है जिस पर बैन लगा हो, तो वह काम नहीं करेगा।
वन FASTag वन व्हीकल नियम के अनुसार नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) के नए नियम के अनुसार, एक गाड़ी के लिए सिर्फ एक FASTag मान्य होगा। अगर आपने एक ही गाड़ी के लिए अलग-अलग बैंकों से FASTag लिया है, तो केवल आखिरी वाला ही काम करेगा।
अकाउंट इनएक्टिव या खराब सर्विस के कारण फास्टैग बैंक बदलना चाहते हैं। कई बार आपका FASTag अकाउंट बैलेंस ना होने या लंबे समय तक इस्तेमाल ना होने की वजह से बंद हो जाता है। या फिर किसी बैंक की सर्विस से आप संतुष्ट नहीं होते। ऐसे में नया बैंक चुनना बेहतर विकल्प होता है।
ऑनलाइन कैसे करें FASTag ट्रांसफर?
अब आपको बैंक के चक्कर लगाने की ज़रूरत नहीं। आप घर बैठे मोबाइल या लैपटॉप से भी नया FASTag ले सकते हैं।
स्टेप 1: जिस बैंक में ट्रांसफर करना है, उसकी वेबसाइट पर जाएं।
स्टेप 2: वेबसाइट के Products या Services सेक्शन में जाकर FASTag का विकल्प चुनें।
स्टेप 3: एप्लिकेशन फॉर्म भरें। इसमें गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर, मालिक का नाम और मोबाइल नंबर देना होगा।
स्टेप 4: जरूरी डॉक्यूमेंट स्कैन करके अपलोड करें।
स्टेप 5: तय फीस ऑनलाइन पे करें। इसमें FASTag की कीमत, सिक्योरिटी डिपॉजिट और शुरुआती रिचार्ज शामिल होता है।
पेमेंट पूरा होते ही नया FASTag आपके रजिस्टर्ड पते पर भेज दिया जाएगा। याद रखें कि पुराने बैंक वाला FASTag बंद कर दें ताकि वन व्हीकल वन FASTag नियम की अनदेखी ना हो।