आज के टाइम में बीमारी का इलाज कराना बहुत महंगा हो चला है। इलाज के मोटे खर्च को उठाने में लोगों की पूरी सेविंग्स खत्म हो जाती है। इसे देखते हुए हेल्थ इंश्योरेंस प्लान लेना जरूरी होता जा रहा है। स्टॉक ब्रोकर और फाइनेंशियल सर्विसेज कंपनी जीरोधा के को-फाउंडर नितिन कामत (Nithin Kamath) ने भी एक अच्छे हेल्थ इंश्योरेंस की तत्काल जरूरत और अनिवार्यता पर जोर दिया है। उनका कहना है कि ज्यादातर भारतीय, दिवालिया होने से केवल एक हॉस्पिटलाइजेशन दूर हैं।
नितिन कामत ने इसे लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट शेयर की है। पोस्ट में बताया गया है कि हेल्थ इंश्योरेंस प्लान का चुनाव कैसे करना चाहिए। पोस्ट में कुछ टिप्स दिए गए हैं। जैसे कि हेल्थ इंश्योरेंस कंपनी का चुनाव करते हुए यह देखना चाहिए कि उसका ट्रैक रिकॉर्ड 5 साल से ज्यादा का हो।
अगर कंपनी का ट्रैक रिकॉर्ड 10 साल या उससे ज्यादा का है तो वह हेल्थ इंश्योरेंस लेने के लिए अच्छी है। 5 साल से कम ट्रैक रिकॉर्ड वाली कंपनी को चुनने से बचना चाहिए। इसी तरह एक टिप यह भी है कि 8000 से ज्यादा हॉस्पिटल कवर करने वाली और 3 ईयर एवरेज क्लेम सेटलमेंट रेशियो के मामले में 90 प्रतिशत रेशियो वाली बीमा कंपनी अच्छी है।
इससे पहले नितिन कामत ने इस पर अपनी राय शेयर की थी कि ULIP में निवेश फायदे का सौदा या नहीं? कामत का मानना है कि ULIP, निवेश और बीमा दोनों ही मामलों में एक खराब चॉइस हैं। कामत के मुताबिक, 'ULIP निवेश और बीमा, इन दोनों दुनिया का बेस्ट होने का वादा करते हैं, लेकिन सच्चाई यह है कि ये दोनों ही मोर्चों पर सबसे खराब ऑफरिंग करते हैं। ULIP में कमीशन हाई होता है, और सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि आपको मिलने वाला बीमा कवर पर्याप्त नहीं होता है।' कामत ने आगे कहा, 'आपके लिए बीमा और निवेश को अलग करके डायरेक्ट म्यूचुअल फंड में निवेश करना और टर्म इंश्योरेंस पॉलिसी खरीदना बेहतर है। यह बहुत सस्ता भी है।'