Karwa Chauth 2023: करवाचौथ पर खरीदारी को लेकर दिल्ली सहित देशभर के बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। ट्रेडर्स एसोसिएशन के मुताबिक देशभर में करवा चौथ का कारोबार 15,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का होगा। दिल्ली में ही करवा चौथ पर लगभग डेढ़ हजार करोड़ रुपये से ज्यादा के कारोबार की उम्मीद है। करवाचौथ महिलाओं का त्योहार है जब पत्नी अपने पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखती है। देशभर में करवाचौथ का व्रत बुधवार 1 नवंबर 2023 को है।
ट्रेडर्स की एसोसिएशन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी सी भरतिया और राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल ने कहा कि पिछले कई दिनों से करवा चौथ के पवित्र त्यौहार को लेकर दिल्ली और देशभर के बाजारों में महिलाओं की काफी भीड़ है। अब जब इस त्यौहार के लिए केवल दो दिन ही रह गये हैं तो आज और कल बाजारों में करवा चौथ के बड़े पर्व को मनाने के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं बाजारों में आ रही है। बाजार भी पूरी तरह सज गए हैं। इस बार करवाचौथ पर 15,000 करोड़ रुपये के कारोबार की उम्मीद है।
भारत में यह त्यौहार सौभाग्य का प्रतीक है और सुहागिन महिलाएं इस दिन व्रत रख अपने पति की लंबी उम्र की कामना करती है। रात में चंद्रमा के दर्शन और पूजा कर अपना व्रत खोलती हैं। दिन में महिलाएं करवा देवी की पूजा करती हैं और करवा माता की कथा कहकर अपने पति की लंबी उम्र और परिवार के सुखे के लिए दुआ करती हैं।
करवा चौथ पर गोल्ड डायमंड ज्वैलरी से लेकर कपड़े, मेकअप सामग्री,साड़ियां, पूजा कैलेंडर और पूजा सामग्री जिसमें पूजा हेतु करवा, छलनी, दीया, फूलबत्ती व पूजा से जुड़ी अन्य सामग्री की खरीदारी की जा रही है। ज्यादातर महिलाएं कथा की किताब और दीपों की भी खरीदारी करती हैं। इसके अलावा, श्रृंगार की वस्तुओं में कांच की लाल चूड़ियां, बिछिया, पायल, लॉकेट और चूड़ा के अलावा करवे की थाली खरीदे जा रहे हैं। इर बार चांदी से बने करवे भी बाजार में मिल रहे हैं।
करवा चौथ की पूजा में शुद्ध घी, गंगाजल, चावल, मिठाई, लाल महावर, कंघी, बिंदी, चूड़ियां, मेहंदी चुनरी शिव-पार्वती और भगवान गणेश की एक फोटो, व्रत कथा की किताब, दीपक गौरी बनाने मिट्टी या गाय का गोबर, गेंहू, पानी का लोटा, कच्चा दूध कुमकुम अगरबत्ती फल-फूल आदि की भी सेल बढ़ी है।