Kotak Mahindra Bank: प्राइवेट सेक्टर बैंक कोटक महिंद्रा बैंक ने आज गुरुवार को मार्जिनल कॉस्ट ऑफ फंड्स बेस्ड लेंडिंग रेट (K-MCLR) में 5 आधार अंकों (BPS) यानी 0.05 फीसदी की बढ़ोतरी की है। ये नई दरें 16 फरवरी 2023 से लागू होंगी। बैंक की वेबसाइट के अनुसार ओवरनाइट एमसीएलआर को रिवाइज कर 8.20 प्रतिशत कर दिया गया है। एक महीने के की एमसीएलआर को बढ़ाकर 8.45 फीसदी कर दिया गया है। तीन महीने के लिए बैंक ने MCLR को रिवाइज कर 8.60 फीसदी कर दिया है।
छह महीने के लिए नया एमसीएलआर 8.80 फीसदी है। एक साल के लिए इसे बढ़ाकर 9.00 फीसदी किया गया है, जबकि दो साल और तीन साल के लिए इसे बढ़ाकर क्रमश: 9.05 फीसदी और 9.20 फीसदी किया गया है। बैंक ने कहा कि कोटक महिंद्रा बैंक लिमिटेड की बेस रेट 7.65 प्रतिशत है और 'बेंचमार्क पीएलआर' 16.40 प्रतिशत है।
मार्जिनल कॉस्ट ऑफ फंड्स बेस्ड लेंडिंग रेट या एमसीएलआर वह बेसिक मिनिमम रेट है जिस पर बैंक कंज्यूमर्स को लोन दे सकता है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने 2016 में MCLR की स्थापना की है। इससे पहले जनवरी में कोटक महिंद्रा ने 16 जनवरी 2023 से प्रभावी कई ऋण क्षेत्रों के लिए एमसीएलआर में 10 से 30 आधार अंकों (बीपीएस) की बढ़ोतरी की थी।
बैंक दरें क्यों बढ़ा रहे हैं?
मई के बाद से आरबीआई ने रेपो दर में 250 आधार अंकों की बढ़ोतरी कर इसे 6.50 प्रतिशत कर दिया है। पहले ये बढ़ोतरी मई में 40 बीपीएस और फिर जून में 50 आधार अंकों की थी। इसने अगस्त में फिर से रेपो रेट में 50 बीपीएस और फिर सितंबर में 50 बीपीएस की बढ़ोतरी की। दिसंबर में 35 बीपीएस की बढ़ोतरी की और अब फरवरी में 0.25 फीसदी की बढ़ोतरी रेपो रेट में की है। यही कारण है कि बैंक लोन महंगा कर रहे हैं।