LPG ग्राहकों के लिए आधार आधारित eKYC सभी ग्राहकों के लिए अनिवार्य नहीं है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने बताया है कि आधार आधारित eKYC सभी गैस ग्राहकों के लिए जरूरी नहीं है, बल्कि यह केवल उन्हीं लोगों के लिए है जिन्होंने अभी तक अपने आईडी वैरिफिकेशन प्रोसेस को पूरा नहीं किया है। सरकार का कहना है कि इसका उद्देश्य लोगों को परेशान करना नहीं, बल्कि सिस्टम को पारदर्शी बनाना है।
मंत्रालय ने कहा कि कुछ खबरों और पोस्ट के कारण लोगों में भ्रम फैल गया था कि हर LPG उपभोक्ता को बायोमेट्रिक आधार पर वैरिफिकेशन कराना होगा, जबकि ऐसा नहीं है। जिन ग्राहकों ने पहले ही eKYC पूरा कर लिया है, उन्हें दोबारा यह प्रक्रिया करने की जरूरत नहीं है।
उज्ज्वला योजना वालों के लिए अलग नियम
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) के लाभार्थियों के लिए नियम थोड़े अलग हैं। उन्हें हर साल सिर्फ एक बार eKYC करना होता है और वह भी तब, जब वे 7 सिलेंडर लेने के बाद 8वें और 9वें सिलेंडर पर सब्सिडी लेना चाहते हैं।
घर बैठे भी कर सकते हैं eKYC
मंत्रालय के अनुसार eKYC की प्रक्रिया काफी आसान है। इसे घर बैठे ऑनलाइन और बिल्कुल मुफ्त किया जा सकता है। इसके लिए LPG एजेंसी जाने की भी जरूरत नहीं है। सबसे अहम बात यह है कि eKYC न कराने से गैस सिलेंडर की सप्लाई पर कोई असर नहीं पड़ेगा। यानी ग्राहकों को गैस मिलती रहेगी।
सरकार का कहना है कि आधार आधारित eKYC से सिस्टम में पारदर्शिता बढ़ती है। इससे यह सुनिश्चित होता है कि सब्सिडी सही लोगों तक पहुंचे और फर्जी कनेक्शन या गलत इस्तेमाल को रोका जा सके।
इस बीच सरकार ने LPG सप्लाई को लेकर भी जानकारी दी है। भारत के LPG टैंकर नंदा देवी करीब 45,000 टन गैस लेकर गुजरात के वडीनार पोर्ट पहुंच गया है। इससे पहले शिवालिक नाम का एक और टैंकर मुंद्रा पोर्ट पर LPG पहुंचा चुका है।