मुंबई में सोमवार, 17 नवंबर को भी CNG की किल्लत कम होने का नाम नहीं ले रही है। वीकेंड पर सप्लाई लाइन में अचानक आई खराबी ने पूरे शहर की व्यवस्था बिगाड़ दी। MGL के मुताबिक, GAIL से आने वाली मुख्य पाइपलाइन वडाला वाले स्टेशन पर रविवार सुबह ही डैमेज हो गई। थोड़े समय के लिए गैस का फ्लो शुरू तो किया गया, लेकिन दबाव इतना कम था कि सप्लाई सामान्य नहीं हो पाई। इस वजह से शहर के कई इलाकों में CNG उपलब्ध ही नहीं है और पंप बंद पड़े हैं।
वहीं कंपनी फिलहाल घरेलू PNG सप्लाई को प्राथमिकता दे रही है ताकि आम लोगों के घरों में गैस की कमी न हो। मरम्मत का काम चल रहा है और उम्मीद जताई जा रही है कि स्थिति जल्द सुधरेगी, लेकिन तब तक लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
मंगलवार तक सप्लाई सामान्य होने की उम्मीद
MGL का कहना है कि मरम्मत का काम जारी है और मंगलवार तक गैस सप्लाई पूरी तरह बहाल हो सकती है। अभी कंपनी घरेलू PNG सप्लाई को प्राथमिकता दे रही है। इसके कारण मुंबई, ठाणे और नवी मुंबई के कई CNG पंप बंद पड़े हैं।
ऑटो–टैक्सी ऑपरेशन पर बड़ा असर
मुंबई की लोकल ट्रांसपोर्ट व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित है क्योंकि शहर के अधिकतर ऑटो, टैक्सी, ऐप कैब और कुछ BEST बसें CNG पर ही चलती हैं।
ऑटो–टैक्सी यूनियन के प्रमुख शशांक राव ने बताया कि MGL की तरफ से कोई साफ जानकारी नहीं दी गई है और फिलहाल केवल वही वाहन चल पा रहे हैं जिनमें थोड़ा-बहुत CNG बचा है।
लाखों वाहन सड़क से गायब होने का खतरा
मुंबई में करीब 30,000 काली–पीली टैक्सियां और 2.80 लाख ऑटो चलते हैं। पूरे MMR क्षेत्र को मिलाकर 4.70 लाख से ज्यादा ऑटो CNG पर निर्भर हैं। अगर सप्लाई जल्द बहाल नहीं हुई, तो शाम तक शहर में ऑटो–टैक्सी लगभग बंद हो सकती हैं।
शेयर मार्केट में MGL और GAIL पर नजर
शुक्रवार को MGL का शेयर 1.88% बढ़कर ₹1,255 पर बंद हुआ, जबकि GAIL का शेयर हल्की बढ़त के साथ ₹183.80 पर रहा।