NPS वात्सल्या, सुकन्या समृद्धि योजना और PPF, बच्चों के भविष्य के लिए कौन सी योजना है बेहतर?

NPS Vatsalya, Sukanya Samriddhi Yojana और PPF तीनों बच्चों के भविष्य के लिए लोकप्रिय निवेश विकल्प हैं। एनपीएस वात्सल्या लंबी अवधि के लिए बेहतर रिटर्न दे सकता है और चक्रवृद्धि ब्याज का लाभ देता है, लेकिन इसमें जोखिम भी शामिल है, जबकि सुकन्या समृद्धि योजना और पीपीएफ सुरक्षित और टैक्स-फ्री रिटर्न प्रदान करते हैं, जो खासतौर पर शिक्षा और विवाह के लिए उपयुक्त हैं।

अपडेटेड Oct 17, 2025 पर 6:23 PM
Story continues below Advertisement

बच्चों के लिए वित्तीय सुरक्षा और बेहतर भविष्य सुनिश्चित करने के लिए सरकारी निवेश योजनाएं महत्वपूर्ण होती हैं। हाल ही में शुरू हुई एनपीएस वात्सल्या योजना, सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) और पब्लिक प्रोविडेंट फंड (PPF) ऐसी ही लोकप्रिय योजनाएं हैं, जिनमें निवेशक अपने वित्तीय लक्ष्य के हिसाब से चुनाव कर सकते हैं।

एनपीएस वात्सल्या ( NPS Vatsalya) योजना 18 वर्ष तक के बच्चों के लिए है, जो बाजार आधारित निवेश करती है और इसमें निवेश पर औसतन 9.5% से 10% तक का रिटर्न मिलता है। यह योजना बच्चों को चक्रवृद्धि ब्याज का लाभ दिलाती है और रिटायरमेंट के लिए बचत करती है। साथ ही इसमें तीन साल के बाद 25% राशि शिक्षा या आपात स्थिति में निकाली जा सकती है। यह योजना सेक्शन 80C के साथ अतिरिक्त 80CCD(1B) टैक्स डिडक्शन भी देती है।

वहीं, सुकन्या समृद्धि (Sukanya Samriddhi Yojana) योजना खासतौर से लड़कियों के लिए डिज़ाइन की गई है। इसमें सरकार की गारंटीड 8.2% की दर पर ब्याज मिलता है, जो सुरक्षित और टैक्स फ्री है। इस योजना में राशि ज्यादा लिक्विड नहीं होती, लेकिन यह शिक्षा और विवाह के लिए बेहतर है, क्योंकि 18 वर्ष के बाद 50% राशि निकाली जा सकती है। इसमें निवेश पूरी तरह से टैक्स मुक्त होता है।


PPF योजना भी नाबालिगों के लिए उपलब्ध है और यह 15 साल के लॉक-इन पीरियड के साथ आती है। इसका ब्याज दर 7.1% है, जो स्थिरता और सुरक्षा प्रदान करता है। यह योजना टैक्स में छूट देती है और लंबी अवधि के लिए उपयुक्त है।

यदि आप बच्चों के लिए लंबी अवधि की बचत और रिटायरमेंट फंड बनाना चाहते हैं तो NPS वात्सल्या बेहतर विकल्प हो सकता है। जबकि सुकन्या समृद्धि योजना लड़कियों के लिए सुरक्षित और उच्च ब्याज दर वाला विकल्प है। PPF योजना उन परिवारों के लिए उपयुक्त है जो स्थिर और सुरक्षित निवेश चाहते हैं। निवेश करते समय अपनी प्राथमिकताओं, जोखिम स्वीकृति और वित्तीय लक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए सही योजना का चयन करना चाहिए।

इस तरह, तीनों योजनाएं अपने-अपने मायनों में बेहतर हैं और कई परिवार संयोजन के रूप में भी इन योजनाओं में निवेश करते हैं ताकि बच्चे का भविष्य सुनिश्चत हो सके।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।