Personal loan vs credit card: इमरजेंसी में पैसे चाहिए? जानिए पर्सनल लोन सही रहेगा या क्रेडिट कार्ड
Personal loan vs credit card: आपात स्थिति में पैसों की जरूरत हो, तो अक्सर पर्सनल लोन या क्रेडिट कार्ड दो प्रमुख विकल्प रहते हैं। जानिए दोनों के फायदे, जोखिम और ब्याज दर।
पर्सनल लोन पर सालाना 10% से 18% तक की निश्चित ब्याज दर लगती है।
Personal loan vs credit card: आपात स्थिति या तत्काल जरूरत के वक्त फाइनेंस की कमी अक्सर मुश्किलें बढ़ा देती है। ऐसे में दो आसान विकल्प सामने आते हैं- पर्सनल लोन और क्रेडिट कार्ड। दोनों से तुरंत फंड मिल सकता है, लेकिन इनमें से किस विकल्प को चुनना समझदारी होगी, यह पूरी तरह आपकी जरूरत, भुगतान की क्षमता और चुकौती अनुशासन पर निर्भर करता है। गलत चुनाव आपके बजट को बिगाड़ सकता है और ब्याज के बोझ में डाल सकता है। आइए जानते हैं कि आपके कौन सा विकल्प बेहतर रहेगा।
ब्याज दरों में है सबसे बड़ा अंतर
पर्सनल लोन पर सालाना 10% से 18% तक की निश्चित ब्याज दर लगती है, जो कर्ज लेने वाले की प्रोफाइल और बैंक पर निर्भर होती है। दूसरी ओर, क्रेडिट कार्ड पर ब्याज दर 36% से 42% तक सालाना हो सकती है, खासकर जब भुगतान किस्तों में किया जाता है। ऐसे में अगर आप धीरे-धीरे भुगतान करना चाहते हैं, तो पर्सनल लोन की लागत काफी कम पड़ती है।
क्रेडिट कार्ड में सुविधा और जोखिम
क्रेडिट कार्ड तात्कालिक खर्च या यात्रा के लिए उपयोगी हो सकते हैं, बशर्ते आप ब्याज-मुक्त अवधि (आमतौर पर 45-50 दिन) के भीतर भुगतान कर सकें। अगर सिर्फ मिनिमम ड्यू यानी न्यूनतम रकम चुकाई जाती है, तो ब्याज तेजी से जुड़ता है और आप कर्ज के जाल में फंस सकते हैं। उधारी फंस सकती है। ऐसे में नियमित भुगतान की क्षमता होना जरूरी है।
बड़े खर्चों के लिए पर्सनल लोन बेहतर विकल्प
अगर आप शादी, मेडिकल खर्च या होम रेनोवेशन जैसे बड़े खर्च के लिए धन जुटाना चाहते हैं, तो पर्सनल लोन अधिक उपयुक्त है। इसमें एकमुश्त राशि मिलती है और चुकौती 1 से 5 वर्षों की निश्चित अवधि में ईएमआई के रूप में होती है, जिससे बजट बनाना आसान होता है।
क्रेडिट स्कोर दोनों पर असर डालता है
पर्सनल लोन हो या क्रेडिट कार्ड, दोनों ही आपके क्रेडिट स्कोर से जुड़े होते हैं। अच्छा स्कोर (750+) होने पर कम ब्याज दर और बेहतर शर्तें मिल सकती हैं। EMI चूकने या लिमिट का अधिक इस्तेमाल स्कोर को नुकसान पहुंचा सकता है। ऐसे में अपनी मासिक आमदनी के अनुसार EMI तय करना बेहतर होता है।
आपके लिए क्या बेहतर रहेगा?
क्रेडिट कार्ड खर्च करने की आजादी देते हैं, लेकिन बार-बार उपयोग से खर्च पर नियंत्रण कमजोर पड़ सकता है। पर्सनल लोन समय से चुकाने के साथ वित्तीय अनुशासन सिखाते हैं, लेकिन उतना लचीलापन नहीं देते। ऐसे में आपको तय करना होगा कि आप अनुशासन चाहते हैं या तत्काल जरूरत के लिए लचीलापन।
पर्सनल लोन से जुड़े अक्सर पूछे जाने वाले सवाल (FAQs)
सवाल: क्या पर्सनल लोन लेना सस्ता पड़ता है?
जवाब: अगर आराम से लंबी अवधि में कर्ज चुकाना चाहते हैं, तो पर्सनल लोन की ब्याज दर कम होती है। क्रेडिट कार्ड पर यह दर 40% तक जा सकती है।
सवाल: क्या क्रेडिट कार्ड खर्च को भी EMI में बदला जा सकता है?
जवाब: हां, अधिकतर कार्ड यह सुविधा देते हैं, लेकिन पर्सनल लोन की तुलना में ब्याज दर अधिक होती है और अवधि सीमित रहती है।
सवाल: कब पर्सनल लोन और कब क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करें?
जवाब: अगर शादी या घर की मरम्मत जैसे खर्च के लिए ज्यादा पैसा चाहिए, तो पर्सनल लोन ज्यादा बेहतर होता है। अगर आपको शॉपिंग करनी है या कुछ समय के लिए थोड़े पैसे चाहिए, तो क्रेडिट कार्ड बेहतर रहेगा।