PM Kisan Yojna: किसानों की आय बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार कई योजनाएं चला रही है। इनमें से एक प्रमुख योजना प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM Kisan Samman Nidhi) है। इस योजना के तहत पात्र किसानों को सालाना 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह पैसा तीन बराबर किश्तों में सीधे बैंक खाते में ट्रांसफर किया जाता है। अब तक सरकार 21 किस्तें जारी कर चुकी है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक 22वीं किश्त मार्च 2026 में जारी हो सकती है। हालांकि सरकार की ओर से अभी आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की गई है। इसलिए किसानों को नियमित रूप से अपडेट चेक करते रहना चाहिए। लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि सरकार ये पैसा होली के बाद ही किसानों के बैंक खाते में ट्रांसफर करेगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 19 नवंबर को तमिलनाडु के कोयंबटूर में 21वीं किश्त जारी की थी। इस दौरान 9 करोड़ से ज्यादा किसानों के खातों में लगभग 18,000 करोड़ रुपये भेजे गए। अब तक इस योजना के तहत 4 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की पैसा किसानों को दी जा चुकी है।
क्या है पीएम किसान योजना?
इस योजना के तहत पात्र किसानों को हर चार महीने में 2,000 रुपये मिलते हैं। यानी साल में तीन बार 2,000-2,000 रुपये दिए जाते हैं। यह पैसा डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए सीधे बैंक खाते में जाता है। योजना की घोषणा 2019 के अंतरिम बजट में की गई थी और इसे बाद में लागू किया गया। आज यह दुनिया की सबसे बड़ी डीबीटी योजनाओं में शामिल है।
योजना का लाभ लेने के लिए किसान भारतीय नागरिक होना चाहिए। उसके पास खेती योग्य जमीन होनी चाहिए। वह छोटा या सीमांत किसान होना चाहिए। जो व्यक्ति 10,000 रुपये या उससे ज्यादा पेंशन पाता है, इनकम टैक्स देता है या संस्थागत जमीनधारक है, वह इस योजना के लिए पात्र नहीं है।
किश्त पाने के लिए e-KYC अनिवार्य है। किसान पीएम किसान पोर्टल पर OTP के जरिए e-KYC कर सकते हैं या नजदीकी CSC सेंटर पर बायोमेट्रिक e-KYC करवा सकते हैं।
pmkisan.gov.in वेबसाइट पर जाकर Know Your Status पर क्लिक करें। रजिस्ट्रेशन नंबर और कैप्चा भरें। इसके बाद स्टेटस स्क्रीन पर दिख जाएगा। लाभार्थी सूची देखने के लिए Beneficiary List पर क्लिक कर राज्य, जिला और गांव की जानकारी भरें। अधिक जानकारी के लिए किसान हेल्पलाइन नंबर 155261 या 011-24300606 पर संपर्क कर सकते हैं।