अमिताभ बच्चन ने अलीबाग में खरीदी 10000 वर्ग फुट जमीन, ₹10 करोड़ में हुई डील

यह खरीद द हाउस ऑफ अभिनंदन लोढ़ा से 10 करोड़ रुपये में की गई। अलीबाग के रियल एस्टेट में शाहरुख खान, दीपिका पादुकोण, रणवीर सिंह, विराट कोहली और अनुष्का शर्मा भी निवेश कर चुके हैं। इससे पहले अमिताभ बच्चन ने राम मंदिर उद्घाटन से पहले अयोध्या में एक प्रोजेक्ट ‘द सरयू’ में 14.5 करोड़ रुपये में लगभग 10,000 वर्ग फुट जमीन खरीदी थी

अपडेटेड Apr 24, 2024 पर 12:08 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
अमिताभ बच्चन की ओर से खरीदी गई जमीन विशाल ए अलीबाग प्रोजेक्ट के अंदर स्थित है।

अलीबाग की शानदार रियल एस्टेट में निवेश करने वाली बॉलीवुड हस्तियों में अब बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन (Amitabh) का भी नाम जुड़ गया है। उन्होंने हाल ही में अलीबाग में 10,000 वर्ग फुट जमीन खरीदी है। अलीबाग, महाराष्ट्र में मुंबई के पास स्थि​त शहर है और अलीबाग बीच, वर्सोली बीच जैसे अपने सुंदर समुद्र तटों के लिए प्रसिद्ध है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, यह खरीद द हाउस ऑफ अभिनंदन लोढ़ा (HoABL) से 10 करोड़ रुपये में की गई। लेनदेन को आधिकारिक तौर पर पिछले सप्ताह रजिस्टर कराया गया।

अमिताभ बच्चन की ओर से खरीदी गई जमीन विशाल ए अलीबाग प्रोजेक्ट के अंदर स्थित है। पिछले वर्ष अप्रैल में शुरू किया गया यह प्रोजेक्ट 20 एकड़ की प्लॉटेड विकास परियोजना है। अलीबाग के रियल एस्टेट में शाहरुख खान, दीपिका पादुकोण, रणवीर सिंह, विराट कोहली और अनुष्का शर्मा भी निवेश कर चुके हैं।

बिग बी अयोध्या में भी खरीद चुके हैं जमीन


इससे पहले अमिताभ बच्चन ने राम मंदिर उद्घाटन से पहले अयोध्या में एक प्रोजेक्ट ‘द सरयू’ में 14.5 करोड़ रुपये में लगभग 10,000 वर्ग फुट जमीन खरीदी थी। इस प्रोजेक्ट को जमीन जायदाद के विकास से जुड़ी मुंबई की कंपनी हाउस ऑफ अभिनंदन लोढ़ा विकसित कर रही है। इस सौदे की जानकारी इस साल जनवरी में सामने आई थी। उस वक्त बिग बी ने कहा था, ‘‘मैं अयोध्या में ‘द सरयू’ के लिए हाउस ऑफ अभिनंदन लोढ़ा के साथ इस यात्रा को शुरू करने के लिए उत्सुक हूं। एक ऐसा शहर जो मेरे दिल में एक विशेष स्थान रखता है… मैं वैश्विक आध्यात्मिक राजधानी में अपना घर बनाने के लिए उत्सुक हूं।’’

द हाउस ऑफ अभिनंदन लोढ़ा के चेयरमैन अभिनंदन लोढ़ा ने बयान में कहा था कि अयोध्या प्रोजेक्ट में बच्चन का निवेश, शहर की आर्थिक क्षमता और इसकी आध्यात्मिक विरासत को लेकर भरोसे को दर्शाता है। अभिनंदन लोढ़ा हाउस ने 22 जनवरी, 2024 को राम मंदिर में राम लला की प्राण प्रतिष्ठा के दिन ‘द सरयू’ प्रोजेक्ट शुरू करने की बात कही थी। कुल 45 एकड़ में फैले इस प्रोजेक्ट में सरयू नदी के किनारे एक होटल भी होगा। कंपनी ने अयोध्या में एक आधुनिक पैलेस होटल बनाने के लिए द लीला पैलेस, होटल्स एंड रिजॉर्ट्स के साथ एग्रीमेंट किया है। द सरयू प्रोजेक्ट, राम मंदिर से लगभग 15 मिनट की दूरी पर है।

सिंगल वुमन को खरीदना चाहिए घर या किराये पर रहना है सही? कामकाजी महिलाओं को एक्सपर्ट देते हैं ये सलाह

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।