एंजेल वन के फाउंडर और सीएमडी दिनेश ठक्कर मुंबई के जुहू में पूरा एक रेजिडेंशियल टावर खरीदने जा रहे हैं। यह एम्बेसी डेवलपमेंट का अल्ट्रा-लग्जरी 'एम्बेसी टेरेजा' प्रोजेक्ट है, जिसके लिए ठक्कर करीब 711 करोड़ रुपये की कीमत चुकाएंगे। एम्बेसी डेवलपमेंट ने इस डील को देश का सबसे बड़ा सिंगल रेजिडेंशियल यूनिट ट्रांजेक्शन बताया है।
ठक्कर ने सबसे महंगी रेजिडेंशियल प्रॉपर्टी खरीदने का रिकॉर्ड तोड़ा
Embassy Terazza का रेरा कार्पेट एरिया 63,000 वर्ग फीट है। इस टावर में ग्राउंड फ्लोर के अलावा 7 फ्लोर हैं। एम्बेसी डेवलपमेंट्स ने कहा है कि उसने इस डील के लिए ठक्कर के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। इससे पहले सबसे महंगी प्रॉपर्टी खरीदने का रिकॉर्ड लीना गांधी तिवारी ने नाम है। वह फार्मा कंपनी USV की प्रमोटर हैं। उन्होंने वर्ली में दो डुप्लेक्स 639 करोड़ रुपये में खरीदी थी।
इस प्रोजेक्ट के हर फ्लोर से समुद्र और शहर का नजारा दिखता है
Embassy Terazza प्रोजेक्ट जुहू तारा रोड पर स्थित है। इस प्रोजेक्ट में सिर्फ 5 टावर हैं। हर फ्लोर पर सिर्फ एक रेजिडेंस है। फ्लैट से समुद्र और शहर का नजारा दिखता है। ठक्कर ने अपने नए रेजिडेंस को 'Angelus' नाम दिया है। उन्होंने प्राइवेसी, स्पेस और समुद्र के नजारे की वजह से उन्होंने इस प्रॉपर्टी को खरीदने का फैसला किया। एम्बेसी डेवलपमेंट्स मुबई मेट्रोपॉलिटन रीजन में अपनी मौजूदगी बढ़ा रही है।
एम्बेसी डेवलपमेंट्स के जुहू प्रोजेक्ट को ग्राहकों का अच्छा रिस्पॉन्स
Embassy Developments ने कहा कि जुहू प्रोजेक्ट्स को अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। लॉन्च होने के 18 महीने के अंदर इस प्रोजेक्ट का काफी हिस्सा बिक चुका है। कंपनी के चेयरमैन जीतेंद्र वीरवानी ने कहा, "दिनेश ठक्कर के एम्बेसी टेरेजा में पूरे एक टावर को खरीद लेने से एम्बेसी के विजन और ब्रांड में भरोसे के बारे में पता चलता है।"
एम्बेसी डेवलपमेंट्स की नजरें मुंबई के लग्जरी रियल एस्टेट मार्केट पर
एम्बेसी टेरेजा कंपनी के मुंबई के प्रोजेक्ट्स पोर्टफोलियो में खास जगह रखता है। कंपनी के मुंबई में दूसरे प्रोजेक्ट्स में वर्ली में सिटाडेल, अलीबाग में एम्बेसी सेरेनिटी, पनवेल में एम्बेसी पार्क और ठाणे में एम्बेसी वन शामिल हैं। एम्बेसी डेवलपमेंट्स बेंगलुरु की रियल एस्टेट कंपनी है। मुंबई कंपनी के लिए नया मार्केट है। एम्बेसी डेवलपमेंट का नाम पहले Equinox India Developments था।