PF Interest Rate: सरकार ने वित्त वर्ष 2024-25 के लिए प्रोविडेंट फंड (PF) अकाउंट पर 8.25% ब्याज दर को मंजूरी दे दी है। अब कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) जल्द ही 7 करोड़ से अधिक PF खाताधारकों के खातों में ब्याज की रकम ट्रांसफर करना शुरू करेगा।
PF Interest Rate: सरकार ने वित्त वर्ष 2024-25 के लिए प्रोविडेंट फंड (PF) अकाउंट पर 8.25% ब्याज दर को मंजूरी दे दी है। अब कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) जल्द ही 7 करोड़ से अधिक PF खाताधारकों के खातों में ब्याज की रकम ट्रांसफर करना शुरू करेगा।
इससे पहले 28 फरवरी 2024 को EPFO की सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज (CBT) की बैठक में 8.25% ब्याज दर को बरकरार रखने का फैसला किया गया था। यह पिछले वित्त वर्ष यानी 2023-24 के बराबर है। CBT के फैसले को अनुमोदन के लिए वित्त मंत्रालय के पास भेजा गया था, जिसे अब मंजूरी मिल चुकी है।
आपके PF जमा पर कितना मिलेगा ब्याज?
8.25% ब्याज दर के मुताबिक, अगर किसी सदस्य के PF खाते में 1 लाख रुपये जमा हैं, तो उसे सालाना 8,250 रुपये का ब्याज मिलेगा। इसी तरह, अगर 1 अप्रैल 2024 को आपके खाते में 5 लाख रुपये का बैलेंस है, तो आपको पूरे वित्त वर्ष में 41,250 रुपये ब्याज के रूप में मिलेंगे। EPFO अपने मेंबर को वित्त वर्ष 2024-25 के लिए ओपनिंग बैलेंस पर ब्याज देता है।
PF अकाउंट में बैलेंस | अनुमानित सालाना ब्याज (8.25% दर से) |
₹1 लाख | ₹8,250 |
₹2 लाख | ₹16,500 |
₹3 लाख | ₹24,750 |
₹4 लाख | ₹33,000 |
₹5 लाख | ₹41,250 |
PF में कर्मचारी और कंपनी दोनों करते हैं योगदान
EPF स्कीम के तहत कर्मचारी की बेसिक सैलरी और महंगाई भत्ता (DA) का 12% हर महीने PF खाते में जमा होता है। कंपनी भी उतनी ही रकम का योगदान करती है। हालांकि, कंपनी के 12% में से 3.67% रकम ही PF खाते में जाती है, जबकि बाकी 8.33% कर्मचारी पेंशन स्कीम (EPS) में ट्रांसफर होती है। कर्मचारी का पूरा 12% योगदान PF खाते में जमा होता है।
3% से 12% के बीच रही हैं EPF पर ब्याज दर
EPF पर ब्याज की शुरुआत 1952 में 3% दर से हुई थी। 1972 में यह पहली बार 6% के पार पहुंची और 1984 में 10% का आंकड़ा पार किया। 1989 से 1999 तक का दशक PF धारकों के लिए सबसे बेहतर माना जाता है, जब लगातार 12% ब्याज दर दी गई।
हालांकि, 1999 के बाद से ब्याज दरों में गिरावट का सिलसिला शुरू हुआ। 2001 के बाद से यह 9.5% से नीचे बनी रही। पिछले सात वर्षों से ब्याज दर 8.50% या उससे कम ही रही हैं। (PF का पूरा इतिहास जानने के लिए नीचे टेबल देखें)
साल | ब्याज दर |
1952-66 | 3.00% – 4.75% |
1967-75 | 5.00% – 7.00% |
1976-83 | 7.50% – 8.75% |
1984-89 | 9.25% – 11.80% |
1990-99 | 12.00% |
2000-01 | 11.00% |
2001-05 | 9.50% |
2006-10 | 8.50% – 9.50% |
2011-21 | 8.25% – 8.50% |
2021-22 | 8.10% |
2022-23 | 8.15% |
2023-24 | 8.25% |
2024-25 | 8.25% |
कैसे तय होती है PF की ब्याज दर?
PF पर ब्याज दर तय करने की प्रक्रिया वित्त वर्ष के अंत में होती है। सबसे पहले फाइनेंस, इन्वेस्टमेंट और ऑडिट कमेटी उस साल जमा हुए निवेश और आमदनी का विश्लेषण करती है। इसके बाद CBT (सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज) मीटिंग में ब्याज दर प्रस्तावित की जाती है। इस पर आखिरी मुहर वित्त मंत्रालय लगाता है,जिसके बाद नई दर औपचारिक रूप से लागू हो जाती है।
यह भी पढ़ें : PF Transfer: नौकरी बदलने के बाद PF ट्रांसफर नहीं किया? हो सकती हैं ये 5 बड़ी परेशानियां
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।