Punjab National Bank: पंजाब नेशनल बैंक (PNB) ने अपने ग्राहकों को बड़ी राहत दी है। अब 1 जुलाई 2025 से किसी भी सेविंग अकाउंट में मिनिमम एवरेज बैलेंस (MAB) नहीं रखने पर कोई पेनाल्टी नहीं लगेगी। इस फैसले से महिलाओं, किसानों और कम आय वर्ग के लोगों को सबसे ज्यादा फायदा होगा क्योंकि अब उन्हें अकाउंट में न्यूनतम बैलेंस बनाए रखने की चिंता नहीं करनी होगी। PNB ऐसा करने वाला देश का दूसरा पब्लिक सेक्टर बैंक बन गया है। इससे पहले केनरा बैंक ने भी जून 2025 से अपने सभी सेविंग्स अकाउंट्स पर मिनिमम बैलेंस न रखने पर लगने वाली पेनल्टी को हटा दिया था। अब PNB के ग्राहक भी बिना किसी एक्स्ट्राचार्ज के अपना अकाउंट जीरो बैलेंस पर चला सकेंगे।
MAB यानी मिनिमम एवरेज बैलेंस का मतलब होता है कि एक महीने के दौरान आपके अकाउंट में एक तय औसत अमाउंट बने रहना चाहिए। अगर ऐसा नहीं होता तो बैंक पेनल्टी चार्ज करता है। लेकिन अब PNB और केनरा बैंक में ऐसा नहीं होगा।
किन खातों को मिलेगा फायदा?
इस नई सुविधा का फायदा सेविंग्स अकाउंट, सैलरी अकाउंट और एनआरआई सेविंग्स अकाउंट सहित सभी तरह के सेविंग अकाउंट होल्डर को मिलेगा। इससे बैंकिंग सर्विस तक पहुंच आसान होगी और ज्यादा से ज्यादा लोग अकाउंट खोल पाएंगे क्योंकि न्यूनतम बैलेंस को बनाए रखने को लेकर परेशानी नहीं होगी।
SMS और ATM ट्रांजेक्शन चार्ज अब भी जारी
हालांकि, मिनिमम बैलेंस की पेनल्टी हटने के बावजूद PNB कुछ अन्य चार्जेस अभी भी वसूलता रहेगा। उदाहरण के लिए SMS अलर्ट सर्विस के लिए ग्राहकों से मामूली चार्ज लेगा। जिसमें अकाउंट में ट्रांजेक्शन की जानकारी, बैलेंस अलर्ट और अन्य अपडेट शामिल होते हैं। इसके अलावा, PNB डेबिट कार्ड से हर महीने 5 फ्री ट्रांजेक्शन जिसमें कैश विदड्रॉल, बैलेंस इंक्वायरी आदि की सुविधा दी जाती है। इसके बाद हर एक्स्ट्रा ट्रांजेक्शन पर 23 रुपये का चार्ज लिया जाएगा।