पंजाब नेशनल बैंक (PNB) ने अपने डेबिट कार्ड पर ATM से रोजाना कैश निकालने की लिमिट कम करने का फैसला किया है। बैंक के मुताबिक नए नियम 1 अप्रैल 2026 से लागू होंगे। इस बदलाव का असर केवल कुछ खास डेबिट कार्ड वेरिएंट पर पड़ेगा, जबकि बाकी कार्डों की लिमिट पहले जैसी ही रहेगी। बैंक ने कहा है कि यह फैसला ग्राहकों की सुरक्षा बढ़ाने, जोखिम को कम करने और डिजिटल बैंकिंग को बढ़ावा देने के लिए लिया गया है। इसके तहत कुछ कार्डों पर रोजाना कैश निकालने की लिमिट 50 प्रतिशत तक घटा दी गई है।
किन कार्डों पर लिमिट 1 लाख से घटाकर 50 हजार हुई
PNB ने कई डेबिट कार्ड पर ATM से रोजाना कैश निकालने की लिमिट 1 लाख रुपये से घटाकर 50,000 रुपये कर दी है। इनमें नीचे बताए कार्ड शामिल हैं।
रुपे NCMC प्लेटिनम इंटरनेशनल डेबिट कार्ड
रुपे वूमेन पावर प्लेटिनम डेबिट कार्ड
रुपे PNB पलाश डेबिट कार्ड (रीसाइकल्ड PVC डेबिट कार्ड)
रुपे बिजनेस प्लेटिनम NCMC डेबिट कार्ड
मास्टरकार्ड प्लेटिनम डेबिट कार्ड
PNB मास्टरकार्ड प्लेटिनम राइज
किन कार्डों पर लिमिट 1.5 लाख से घटाकर 75 हजार हुई
कुछ प्रीमियम डेबिट कार्डों पर भी कैश निकालने की लिमिट घटाई गई है। रुपे सिलेक्ट डेबिट कार्ड, PNB रुपे सिलेक्ट नियो डेबिट कार्ड, PNB रुपे सिलेक्ट एक्सेल डेबिट कार्ड, वीजा सिग्नेचर डेबिट कार्ड, मास्टरकार्ड बिजनेस डेबिट कार्ड पर अब रोजाना अधिकतम 75,000 रुपये ही निकाले जा सकेंगे। पहले इन कार्डों पर यह लिमिट 1.5 लाख रुपये थी।
बाकी कार्डों पर कोई बदलाव नहीं
PNB ने साफ किया है कि जिन डेबिट कार्डों का नाम इस लिस्ट में नहीं है, उन पर ATM से कैश निकालने की लिमिट में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यानी बाकी कार्डों पर पहले की तरह ही लिमिट लागू रहेगी।
ग्राहक खुद भी बदल सकते हैं लिमिट
PNB के ग्राहक चाहें तो तय लिमिट के भीतर ATM कैश निकालने की लिमिट खुद भी सेट या रीसेट कर सकते हैं। इसके लिए इंटरनेट बैंकिंग, PNBOne मोबाइल ऐप, IVR सेवा या व्हाट्सऐप बैंकिंग का इस्तेमाल किया जा सकता है।
POS और ऑनलाइन ट्रांजैक्शन पर असर नहीं
बैंक ने यह भी स्पष्ट किया है कि ATM निकालने लिमिट में बदलाव का असर POS यानी पॉइंट ऑफ सेल, ई-कॉमर्स या कॉन्टैक्टलेस पेमेंट की लिमिट पर नहीं पड़ेगा। इन माध्यमों से होने वाले लेन-देन की लिमिट पहले जैसी ही रहेगी।
ऐसे बदल सकते हैं ATM लिमिट
ग्राहक इंटरनेट बैंकिंग में लॉगिन करके Value Added Services सेक्शन में जाकर Debit Card Personalisation विकल्प चुन सकते हैं। इसके बाद कार्ड की जानकारी दर्ज करके नई लिमिट सेट की जा सकती है। OTP वेरिफिकेशन के बाद नई लिमिट लागू हो जाती है।