Festive Special Train: त्योहारी सीजन में यूपी-बिहार के लोगों को रेलवे का तोहफा, दिवाली-छठ पर चलेंगी 6,000 स्पेशल ट्रेंन

Railways Festival Special Trains: त्योहारी सीजन के दौरान दिल्ली रेलवे स्टेशन पर यूपी और बिहार के यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए 5,975 ट्रेनों के अलावा 108 ट्रेनों में अतिरिक्त सामान्य कोच जोड़े जाएंगे। भारतीय रेलवे की तरफ से कुल 12,500 कोचों को मंजूरी दी गई है। इससे फेस्टिवल सीजन के दौरान 1 करोड़ से अधिक यात्रियों को घर जाने में सुविधा होगी

अपडेटेड Sep 27, 2024 पर 7:36 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Festive Festival Trains: त्योहारों का मौसम आते ही शहरी इलाकों में रहने वाले लोग अपने गृहनगर वापस जाने की योजना बनाने लगते हैं

Railways Festive Special Trains: भारतीय रेलवे ने दुर्गा पूजा (9 अक्टूबर) से शुरू होने वाले हिंदू त्योहारों खासकर दिवाली (1 नवंबर 2024) और छठ पूजा (7 और 8 नवंबर) के लिए 8 अक्टूबर से 8 नवंबर के बीच 6,000 स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। त्योहारों का मौसम नजदीक आता देख रेलवे ने 1 करोड़ से अधिक यात्रियों की सुविधा के लिए ये स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है।

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार (27 सिंतबर) को पत्रकारों को बताया कि त्योहारों के दौरान अत्यधिक भीड़ भाड़ को देखते हुए 108 ट्रेनों में अतिरिक्त सामान्य डिब्बा जोड़ने के अलावा 12,500 डिब्बे स्वीकृत किए गए हैं। विशेष तौर पर बिहार, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल जाने वाले कई रेल रूट्स पर दुर्गा पूजा, दिवाली (Diwali 2024 Date) और छठ के त्योहार के दौरान भारी भीड़ रहती है।

वैष्णव ने कहा कि इस साल के त्योहार के मौसम के लिए अब तक कुल 5,975 स्पेशल ट्रेनें अधिसूचित की गई हैं, जबकि पिछले साल यह संख्या 4,429 थी। पीटीआई के मुताबिक रेल मंत्री ने कहा, "इससे पूजा के दौरान एक करोड़ से अधिक यात्रियों को घर जाने में सुविधा होगी।" दुर्गा पूजा उत्सव 9 अक्टूबर से शुरू होगा। जबकि दिवाली 31 अक्टूबर या एक नवंबर को मनाई जाएगी। जबकि छठ पूजा इस साल सात और आठ नवंबर को होगी।


यूपी-बिहार के लिए स्पेशल ट्रेनें (Festival Special Trains for UP-Bihar)

आनंद विहार टर्मिनल और बरौनी के साथ-साथ हजरत निजामुद्दीन और पटना के बीच कई फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें चलेंगी। यात्रियों की सुविधा के लिए इन ट्रेनों में AC कोच होंगे। इसके अलावा, पूर्व की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए सरहिंद से सहरसा तक एक स्पेशल ट्रेन की घोषणा की गई है। आनंद विहार-बरौनी वीकली स्पेशल ट्रेन 6 अक्टूबर से 17 नवंबर तक हर रविवार को सुबह 9 बजे रवाना होगी। जबकि अगले दिन सुबह 6:30 बजे बरौनी पहुंचेगी।

वापसी की यात्रा 7 अक्टूबर से 18 नवंबर तक हर सोमवार को सुबह 8 बजे शुरू होगी। अगले दिन सुबह 10:10 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी। यह अलीगढ़, टूंडला, इटावा, कानपुर सेंट्रल, लखनऊ, सुल्तानपुर, जौनपुर, गाजीपुर सिटी, बलिया, सुरमेनपुर, छपरा और हाजीपुर में रुकेगी।

ये भी पढ़ें- Diwali 2024: आखिर कब है दिवाली 31 अक्टूबर या 1 नवंबर? यहां दूर करें अपने सारे कन्फ्यूजन

हजरत निजामुद्दीन-पटना विशेष ट्रेन 7 अक्टूबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक सोमवार और बुधवार को पटना से रात 11:55 बजे रवाना होगी और अगले दिन शाम 4:40 बजे पटना पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन 8 अक्टूबर से 28 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार और गुरुवार को शाम 6:05 बजे हजरत निजामुद्दीन से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 10:50 बजे हजरत निजामुद्दीन पहुंचेगी।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।