RBI: अगर आप बैंक में अक्सर चेक जमा करते हैं तो यह खबर आपके लिए राहत लेकर आई है। अब वह दौर खत्म होने जा रहा है जब चेक क्लियर होने में 2 से 3 दिन लगते थे। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने चेक क्लियरिंग सिस्टम में बड़ा बदलाव करने का ऐलान किया है। अक्टूबर 2025 से चेक क्लियरेंस का प्रोसेस रियल-टाइम में होगी। यानी अब कुछ ही घंटों में आपके खाते में पैसे पहुंच जाएंगे।
आरबीआई ने इस व्यवस्था को औपचारिक तौर पर कंटीन्युअस क्लियरिंग एंड सेटलमेंट ऑन रियलाइजेशन नाम दिया है। इसमें बैंक में जमा किए गए चेक को तुरंत स्कैन कर क्लियरिंग हाउस भेज दिया जाएगा। वहां से यह रियल-टाइम में प्रोसेस होगा और सामने वाले बैंक को तुरंत पेमेंट की वैरिफिकेशन करनी होगी।
पहला चरण: 4 अक्टूबर 2025 से। सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे के बीच जमा किए गए चेक उसी दिन प्रोसेस होंगे और बैंक को शाम 7 बजे तक पेमेंट की स्थिति बतानी होगी। अगर बैंक समय पर जवाब नहीं देता, तो चेक को स्वतः मंजूर मान लिया जाएगा और उसी दिन सेटल हो जाएगा।
दूसरा चरण: 3 जनवरी 2026 से। इस समय प्रोसेस और तेज कर दी जाएगी। चेक जमा करने के 3 घंटे के भीतर उसका क्लियरेंस पूरा करना होगा और सफल सेटलमेंट के एक घंटे के भीतर ग्राहक के खाते में पैसा पहुंच जाएगा।
इस बदलाव से सबसे बड़ा फायदा आम ग्राहकों को मिलेगा। अब उन्हें अपने ही पैसे पाने के लिए कई दिन इंतजार नहीं करना पड़ेगा। खासकर ट्रेडर्स और उन लोगों को बड़ी राहत मिलेगी जिनके लिए हर दिन की कैश फ्लो अहमियत रखता है।
बैंकों के लिए भी फायदेमंद
सिर्फ ग्राहक ही नहीं, बल्कि बैंकों को भी इससे राहत मिलेगी। रियल-टाइम क्लियरेंस से उनके ऊपर सेटलमेंट रिस्क कम हो जाएगा और पूरा बैंकिंग सिस्टम पहले से बेहतर होगा।