सैलरी में इंक्रीमेंट के पैसे का इस्तेमाल होम लोन जल्द खत्म करने के लिए करें या SIP में निवेश बढ़ाने के लिए?

सैलरी में इंक्रीमेंट पर अक्सर हम इस दुविधा में पड़ जाते हैं कि हमें इंक्रीमेंट के पैसे का इस्तेमाल होम लोन के जल्द रिपेमेंट के लिए करना चाहिए या इससे अपना निवेश बढ़ाना चाहिए। दोनों के अपने-अपने फायदे और नुकसान हैं। कौन सा विकल्प आपके लिए सही है, यह कई बातों पर निर्भर करता है

अपडेटेड Dec 06, 2024 पर 9:51 AM
Story continues below Advertisement
तय समय से पहले होम लोन चुकाने के अपने फायदे हैं। इसी तरह सही जगह पैसे को निवेश करने से लंबी अवधि में अच्छा फंड तैयार हो सकता है।

अक्सर हमारे सामने डेट और वेल्थ क्रिएशन में से किसी एक को सेलेक्ट करने का चैलेंज होता है। एक तरफ होम लोन की ईएमआई होती है तो दूसरी तरफ निवेश बढ़ाने का चैलेंज होता है। कई लोग यह फैसला नहीं कर पाते कि उन्हें सरप्लस इनकम का इस्तेमाल नए निवेश के लिए करना चाहिए या ज्यादा ईएमआई चुकाकर होम लोन जल्द खत्म कर देना चाहिए। स्वाति इसी तरह की दुविधा का सामना कर रही हैं। आइए जानते हैं उनकी प्रॉब्लम क्या है और इसका सही समाधान क्या हो सकता है।

ऐसे समझ सकते हैं पूरा मामला

स्वाति ने 1 करोड़ रुपये का होम लोन (Home Loan) लिया है, जिसकी मंथली EMI 86,000 रुपये है। यह लोन 20 साल का है। स्वाति एक आईटी कंपनी में काम करती हैं। उन्हें कंपनी की तरफ से सैलरी में हर महीने 24,000 रुपये का इंक्रीमेंट मिला है। अब स्वाति यह फैसला नहीं कर पा रही हैं कि उन्हें इस इंक्रीमेंट के पैसे का इस्तेमाल होम लोन के रिपेमेंट के लिए करना चाहिए या अपना इनवेस्टमेंट बढ़ाना चाहिए। यह सवाल सिर्फ स्वाति का नहीं है। आज कई लोगों के सामने यह उलझन है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि इस सवाल के जवाब के लिए व्यक्ति को लंबी अवधि की अपनी फाइनेंशियल प्लानिंग को ध्यान में रखना होगा।


तय समय से पहले होम लोन चुकाने के अपने फायदे हैं। इसी तरह सही जगह पैसे को निवेश करने से लंबी अवधि में अच्छा फंड तैयार हो सकता है। आइए हम दोनों विकल्प पर बारी-बारी से विचार करते हैं। इससे हमें यह तय करने में मदद मिलेगी कि किसी व्यक्ति के लिए कौन सा विकल्प ज्यादा फायदेमंद है।

EMI को 86,000 रुपये से बढ़ाकर 1.1 लाख रुपये कर देने पर होम लोन की अवधि काफी घट जाती है। यह 20 साल से घटकर सिर्फ 13.75 साल रह जाती है। इससे लोन के इंटरेस्ट के रूप में करीब 35 लाख रुपये की बचत होती है। यह काफी बड़ी बचत है। साथ ही आप पर बड़े अमाउंट के कर्ज की लायबिलिटी जल्द खत्म हो जाती है। लेकिन, इसका नुकसान यह है कि आप इनवेस्टमेंट पर ज्यादा रिटर्न हासिल करने का मौका चूक जाते हैं।

दूसरे विकल्प में स्वाति अपनी EMI 86,000 रुपये बनाए रखती हैं। वह इंक्रीमेंट के 24,000 रुपये को सिस्टमैटिक इनवेस्टमेंट प्लान (SIP) में डालती हैं। इस पर उन्हें आसानी से सालाना 12 फीसदी रिटर्न मिल सकता है। 17 साल में यह यह निवेश बढ़कर 1.6 करोड़ रुपये हो जाएगा। यह पैसा उनके फाइनेंशियल गोल्स यानी वित्तीय लक्ष्य को पूरा करने में काम आ सकता है। अगर वह यह पैसा स्टॉक्स में लगाती हैं तो उन्हें और ज्यादा रिटर्न मिल सकता है।

होम लोन रिपेमेंट की लायबिलिटी जल्द खत्म हो जाने से स्वाति काफी राहत महसूस कर सकती हैं। उधर, SIP में निवेस से लंबी अवधि में बड़ा फंड तैयार हो जाता है। अब कुछ और चीजें हैं, जिन्हें आपको ध्यान में रखना होगा। तभी आप दोनों में से किसी एक विकल्प के इस्तेमाल का फैसला आसानी से ले सकेंगे।

1. टैक्स बेनेफिट्स

स्वाति होम लोन के प्रिंसिपल के रीपमेंट पर सालाना 1.5 लाख रुपये और इंटरेस्ट रिपेमेंट पर सालाना 2 लाख रुपये का डिडक्शन क्लेम कर सकती हैं। इससे लोन की इफेक्टिव कॉस्ट काफी घट जाती है। इस वजह से इंक्रीमेंट के पैसे को निवेश करने पर ज्यादा फायदा हो सकता है।

2.लिक्विडिटी

SIP में स्वाति के पास हमेशा एक बड़ा फंड इस्तेमाल के लिए उपलब्ध रहेगा, जबकि होम लोन के रिपेमेंट में पैसा लॉक हो जाता है। EMI अमाउंट बढ़ाने का फायदा उन्हें तभी मिल सकेगा, जब पूरा लोन खत्म हो जाएगा। इससे पहले उन्हें इंक्रीमेंट के पैसे का कोई लाभ नहीं मिलेगा।

3. रिस्क वर्सेज रिवॉर्ड

SIP के जरिए निवेश पर कम से कम 10-12 फीसदी रिटर्न मिलेगा, जो होम लोन के 8.5 फीसदी इंटरेस्ट से काफी ज्यादा है। लेकिन, आपको यह ध्यान में रखना होगा कि SIP से निवेश करने में रिस्क शामिल होता है।

यह भी पढ़ें: 8th Pay Commission: क्या एक महीने बाद आएगा 8वां वेतन आयोग? सरकार ने कही ये बात

एक्सपर्ट्स का कहना है कि दोनों विकल्प में से कौन सा विकल्प आपके लिए फायदेमंद है, यह आपकी फाइनेंशियल प्लानिंग पर निर्भर करेगा। अगर आप अपने वित्तीय लक्ष्य को हासिल करने के लिए पहले से पर्याप्त निवेश कर कर रहे हैं तो आप होम लोन के जल्द रिपेमेंट के लिए EMI का अमाउंट बढ़ा सकते हैं। अगर आप वित्तीय लक्ष्य के ले पर्याप्त निवेश नहीं कर रहे हैं तो आप इंक्रीमेंट के पैसे का इस्तेमाल SIP के रास्ते निवेश के लिए कर सकते हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।