SBI 17 मई से नए ग्राहकों को 0.45 फीसदी कम इंटरेस्ट रेट पर होम लोन दे रहा है। ऐसे ग्राहक जिनका क्रेडिट स्कोर 750 और इससे ऊपर है, उन्हें बैंक 8.70 फीसदी इंटरेस्ट पर होम लोन दे रहा है। बाकी ग्राहकों के लिए इंटरेस्ट रेट 8.50 फीसदी होगा। SBI के इस रियायती इंटरेस्ट रेट का फायदा 30 जून तक उठाया जा सकता है। ऐसे ग्राहक जिनके होम लोन का इंटरेस्ट रेट बहुत बढ़ चुका है, वे SBI के कम इंटरेस्ट रेट का फायदा उठा सकते हैं। पिछले एक साल में RBI के रेपो रेट बढ़ाने से होम लोन के इंटरेस्ट रेट्स बहुत बढ़ गए हैं। इससे होम लोन लेने वाले कई लोगों को दिक्कत हो रही है।
होम लोन के इंटरेस्ट रेट में उछाल
मयूर जायसवाल ने पिछले साल अप्रैल में 50 लाख रुपेय का होम लोन लिया था। 15 साल के इस लोन का इंटरेस्ट रेट 6.75 फीसदी था। अब यह बढ़कर 9.25 फीसदी हो गया है। इस वजह से जायसवाल के होम लोन की अवधि 87 महीने बढ़ गई है। अब उन्हें अपने रिटायरमेंट तक होम लोन की EMI चुकानी होगी। जिस सरकारी बैंक से उन्होंने यह लोन लिया था, वह नए ग्राहकों को 8.5 फीसदी इंटरेस्ट रेट पर लोन दे रहा है। जायसवाल ने कई बार अपने बैंक से इंटरेस्ट रेट में रियायत के लिए बातचीत करने की कोशिश की। लेकिन, कोई फायदा नहीं हुआ।
रिफाइनेंस कराने में फायदा
इस साल मार्च में जायसवाल ने अपने लोन को रिफाइनेंस कराने के लिए एक प्राइवेट बैंक से बात की। यह बैंक उन्हें 8.5 फीसदी इंटरेस्ट रेट पर लोन रिफाइनेंस करने को तैयार था। उन्हें लोन का 1 फीसदी यानी 50,000 रुपये की रिफाइनेंस कॉस्ट चुकानी थी। अब जायसवाल इस उलझन में हैं कि उन्हें अपना लोन रिफाइनेंस कराना चाहिए या नहीं। बैंकबाजार डॉट कॉम के सीईओ आदिल शेट्टी ने कहा, "बैलेंस ट्रांसफर पर लोन के 1 से 2 फीसदी की कॉस्ट आएगी। लेकिन अगर आपको 25-30 कम बेसिस प्वाइंट्स पर लोन मिल जाता है तो रिफाइनेंस कराने में फायदा है।"
नए ग्राहकों को कम इंटरेस्ट रेट पर लोन
जायसवाल ऐसे अकेले व्यक्ति नहीं हैं, जो होम लोन के ज्यादा इंटरेस्ट रेट को लेकर चिंतित हैं। कई लोग इस परेशानी का सामना कर रहे हैं। वे अपने होम लोन को रिफाइनेंस कराने के बारे में सोच रहे हैं। लोन कंसल्टेंसी फर्म मॉर्टगेजवर्ल्ड के फाउंडर विपुल पटेल ने कहा कि ज्यादातर लोग अपने होम लोन पर 9 से 9.4 फीसदी इंटरेस्ट रेट चुका रहे हैं।
आम तौर पर होम लोन चुकाने में सबसे ज्यादा पैसा उसके इंटरेस्ट पर खर्च होता है। अगर आप 0.50 फीसदी कम इंटरेस्ट रेट पर लोन लेते हैं तो आपकी अवधि कम होगी और EMI का बोझ भी कम आएगी। पटेल ने कहा कि ऐसे लोग जिनका क्रेडिट स्कोर 750 या इससे ज्यादा है, वे बैंकों से सबसे अच्छा ऑफर के लिए बातचीत कर सकते हैं। अगर आपको दूसरा बैंक आपके क्रेडिट स्कोर को देखते हुए कम इंटरेस्ट रेट पर लोन ऑफर कर रहा है तो आप अपने लोन को रिफाइनेंस करा सकते हैं। लेकिन, यह ध्यान रखें कि रिफाइनेंसिंग का ज्यादा फायदा तब मिलता है जब आप लोन लेने के कुछ ही साल बाद उसे रिफाइनेंस कराते हैं।