SBI In Sri Lanka: केंद्रीय वित्त मंत्री (Finance Minister) निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitaraman) ने आज गुरुवार को श्रीलंका के त्रिंकोमाली (Trincomalee) में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ब्रांच का उद्घाटन किया। SBI श्रीलंका में 159 सालों से है। एसबीआई वहां सबसे पुराने बैंकों की गिनती में शामिल है। वित्त मंत्रालय ने एक्स (पहले Twitter) पर एक पोस्ट में कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज श्रीलंका की अपनी आधिकारिक यात्रा के दौरान त्रिंकोमाली (Trincomalee) में भारतीय स्टेट बैंक की ब्रांच का उद्घाटन किया।
उद्घाटन के बाद सीतारमण ने नई ब्रांच के अधिकारियों के साथ बातचीत की और श्रीलंका के त्रिंकोमाली में पासबुक नए ग्राहकों को बांटी और विजिटर बुक भी भरी। मंत्रालय ने कहा कि श्रीलंका में एसबीआई इन-ब्रांच ऑपरेशन के अलावा एसबीआई श्रीलंका योनो ऐप और ऑनलाइन बैंकिंग के माध्यम से एक मजबूत डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपने कारोबार को बढ़ा रहा है। इसके अलावा एसबीआई श्रीलंका अंतरराष्ट्रीय व्यापार में कॉरपोरेट्स को सपोर्ट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
श्रीलंकाई आर्थिक संकट के दौरान श्रीलंका में एसबीआई ने 1 बिलियन डॉलर की क्रेडिट लाइन के आगे बढ़ाने में मदद की। सेंथिल थोंडामन, पूर्वी प्रांत, श्रीलंका के गवर्नर, गोपाल बागले, श्रीलंका में भारत के उच्चायुक्त और एसबीआई के अध्यक्ष दिनेश खारा भी उद्घाटन के अवसर पर उपस्थित थे।
एसबीआई ने मार्च में श्रीलंका के साथ अपना पहला गैर-डॉलर ट्रांजकेशन पूरा किया। निर्यात के लिए श्रीलंकाई रुपये में पेमेंट किया क्योंकि भारत उन देशों को उस सिस्टम में लाना चाहता है जिनके पास अमेरिकी डॉलर की कमी है। यह कदम तब उठाया गया जब श्रीलंका अपनी आजादी के बाद डॉलर की कमी के कारण सबसे खराब आर्थिक संकट से जूझ रहा था। जनवरी के अंत तक श्रीलंका का विदेशी मुद्रा भंडार 2.1 बिलियन डॉलर था।