केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (Central Board of Direct Taxes (CBDT) ने मंगलवार को व्यक्तियों और कारोबारियों से आग्रह करते हुए एसेसमेंट ईयर (AY) 2021-22 के लिए दिसंबर के अंत तक अपना आयकर रिटर्न फाइल करने को कहा और साथ ही बताया कि CBDT ने इस साल अब तक 1.49 लाख करोड़ रुपये से अधिक का टैक्स रिफंड जारी किया गया है। इसमें AY2020-21 और AY2021-22 के लिए रिफंड शामिल हैं।
आयकर विभाग ने एक ट्वीट में कहा कि सोमवार को 15 लाख से अधिक टैक्स रिटर्न फाइल किए गए हैं जिससे इस साल अब तक 4.67 करोड़ से अधिक रिटर्न फाइल किये जा चुके हैं। जबकि रविवार को 877,000 से अधिक रिटर्न फाइल किए गए।
आयकर विभाग ने करदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वे 31 दिसंबर, 2021 की विस्तारित निर्धारित तारीख के अंदर AY2021-22 के लिए अपना आयकर रिटर्न फाइल करें और इसके आगे इंतजार ना करें।
विभाग चाहता है कि सभी करदाता समय पर अपना रिटर्न फाइल करें ताकि अंतिम समय भीड़ और सिस्टम पर बोझ डालने से बचें। गौरतलब है कि वित्त मंत्रालय (finance ministry) के अधिकारियों और नया टैक्स फाइलिंग पोर्टल विकसित करने वाली कंपनी इंफोसिस (Infosys) ने जून में पोर्टल के लॉन्च होने के तुरंत बाद सिस्टम में गड़बड़ियों को ठीक करने के लिए बैठकें की थीं।
1 अप्रैल से 27 दिसंबर के बीच किए गए 1.49 लाख करोड़ रुपये से अधिक का टैक्स रिफंड 1.45 करोड़ से अधिक करदाताओं के पास गया है।
मिंट की खबर के मुताबिक आयकर रिफंड के लिए 1,42,48,302 मामलों में 50,793 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं और कॉरपोरेट टैक्स रिफंड के लिए 2,19,357 मामलों में 98,504 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। विभाग ने कहा कि इसमें AY 2021-22 के 1.07 करोड़ रिफंड शामिल हैं, जो कुल मिलाकर 21,021.19 करोड़ रुपये तक हैं।
इस महीने की शुरुआत में टैक्स डिपार्टमेंट ने करदाताओं से पिछले वित्तीय वर्ष में किए गए टैक्स क्रेडिट और विभिन्न लेनदेन से संबंधित अपने वार्षिक इंफॉर्मेशन स्टेटमेंट चेक करने और अंतिम समय पर पोर्टल पर होने वाली भीड़ से बचने के लिए वर्तमान एसेसमेंट ईयर के लिए जल्द से जल्द रिटर्न फाइल करने का आग्रह किया है।