SBI: देश के सबसे बड़े पब्लिक सेक्टर बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के करोड़ों ग्राहकों को झटका लगने वाला है। एसबीआई बैंक की तुरंत पैसा ट्रांसफर करने की सर्विस महंगी होने वाली है जो पहले लगभग फ्री मिलती थी। अगर आप ऑनलाइन IMPS के जरिए बड़ी रकम ट्रांसफर करते हैं, तो अब यह सुविधा पूरी तरह मुफ्त नहीं रहेगी। 15 फरवरी 2026 से SBI ऑनलाइन IMPS ट्रांजैक्शन पर सर्विस चार्ज लगाने जा रहा है। ये चार्ज उन ट्रांजैक्शन लगेगा जिनका अमाउंट 25,000 रुपये से ज्यादा होगा।
अब तक SBI के ग्राहक ऑनलाइन IMPS के जरिए 5 लाख रुपये तक की रकम बिना किसी चार्ज के ट्रांसफर कर सकते थे। चाहे इंटरनेट बैंकिंग हो या YONO ऐप, किसी भी अमाउंट पर कोई फीस नहीं लगती थी। लेकिन नए नियम लागू होने के बाद यह सुविधा महंगी हो जाएगी। हालांकि राहत की बात यह है कि ब्रांच से किए जाने वाले IMPS ट्रांजैक्शन के चार्ज में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
किन ट्रांजैक्शन पर लगेगा चार्ज?
नए नियमों के मुताबिक, ऑनलाइन IMPS ट्रांजैक्शन 25,000 रुपये से 5 लाख रुपये तक अब चार्जेबल होंगी।
25,000 रुपये से 1 लाख रुपये तक: 2 रुपये + GST
1 लाख रुपये से 2 लाख रुपये तक: 6 रुपये + GST
2 लाख रुपये से 5 लाख रुपये तक: 10 रुपये + GST
यानी अगर आप YONO या इंटरनेट बैंकिंग से 3 लाख रुपये भेजते हैं, तो आपको 10 रुपये के साथ GST भी देना होगा। छोटी रकम भेजने वाले ग्राहकों को फिलहाल राहत मिलेगी, क्योंकि 25,000 रुपये तक के ऑनलाइन IMPS ट्रांजैक्शन अब भी फ्री रहेंगे।
ब्रांच से IMPS करने पर क्या बदलेगा?
जो ग्राहक बैंक ब्रांच जाकर IMPS करते हैं, उनके लिए चार्ज पहले जैसा ही रहेगा।
1,000 रुपये से 1 लाख रुपये तक: 4 रुपये + GST
1 लाख रुपये से 2 लाख रुपये तक: 12 रुपये + GST
2 लाख रुपये से 5 लाख रुपये तक: 20 रुपये + GST
मतलब साफ है कि ऑनलाइन ट्रांजैक्शन अब भी ब्रांच से सस्ते ही रहेंगे, लेकिन पूरी तरह मुफ्त नहीं होंगे।
किन खातों पर नहीं लगेगा चार्ज?
SBI ने कुछ खास खातों को इस चार्ज से छूट दी है। इनमें सैलरी पैकेज अकाउंट जैसे DSP, PMSP, CGSP, PSP, RSP आदि शामिल है।
शौर्य फैमिली पेंशन अकाउंट
SBI रिश्ता (Family Savings Account)
अगर आपका खाता इनमें से किसी कैटेगरी में आता है, तो आपको ऑनलाइन IMPS पर भी कोई चार्ज नहीं देना होगा।