Union Bank की इस एफडी स्कीम में हेल्थ पॉलिसी भी मिलेगी, क्या आपको इनवेस्ट करना चाहिए?

इस स्कीम में आपको कम से कम 10 लाख रुपये डिपॉजिट 375 दिनों के लिए करना होगा। तब आपको बैंक की तरफ से 5 लाख रुपये कवर वाली हेल्थ पॉलिसी मिलेगी। इस हेल्थ पॉलिसी का प्रीमियम बैंक चुकाएगा

अपडेटेड May 21, 2025 पर 2:27 PM
Story continues below Advertisement
यूबीआई इस स्कीम में 5 लाख कवर की एक कंप्लिमेंटरी सुपर टॉप-अप पॉलिसी भी ऑफर कर रहा है।

यूनियन बैंक ऑफ इंडिया (यूबीआई) ने एक नई डिपॉजिट स्कीम लॉन्च की है। यूनियन वेलनेस डिपॉजिट स्कीम इसका नाम है। इस स्कीम के साथ बैंक हेल्थ इंश्योरेंस कवर ऑफर कर रहा है। इससे इनवेस्टर को इस स्कीम में इनवेस्ट करने पर इंटरेस्ट इनकम के साथ हेल्थ इंश्योरेंस का फायदा मिलेगा। यूबीआई ने इसके लिए मणिपाल सिगना हेल्थ इंश्योरेंस से समझौता किया है। आइए इस स्कीम की खास बातें जानते हैं।

कम से कम 10 लाख रुपये इनवेस्ट करना होगा

इस स्कीम में आपको कम से कम 10 लाख रुपये डिपॉजिट 375 दिनों के लिए करना होगा। तब आपको बैंक की तरफ से 5 लाख रुपये कवर वाली हेल्थ पॉलिसी (Health Policy) मिलेगी। इस हेल्थ पॉलिसी का प्रीमियम बैंक चुकाएगा। कोई व्यक्ति इस स्कीम में 3 करोड़ रुपये तक डिपॉजिट कर सकता है। यूबीआई इस स्कीम में 5 लाख कवर की एक कंप्लिमेंटरी सुपर टॉप-अप पॉलिसी भी ऑफर कर रहा है। यह इंश्योरेंस कवर सिर्फ एक बार के लिए है। अगर कोई इनवेस्टर इस एफडी स्कीम को रिन्यू कराता है तो हेल्थ पॉलिसी का फायदा नहीं मिलेगा।


6.75 से 7.25 फीसदी इंटरेस्ट मिलेगा

बैंक की इस एफडी स्कीम में 6.75 फीसदी इंटरेस्ट मिलेगा। सीनियर सिटीजंस के लिए इंटरेस्ट 7.25 फीसदी होगा। इस स्कीम में ज्वाइंट अकाउंट की इजाजत है। लेकिन इंश्योरेंस कवरेज सिर्फ प्राइमरी अकाउंट होल्डर को मिलेगा। इस स्कीम में डिपॉजिट करने पर इंश्योरेंस कवर के लिए 30 दिन का वेटिंग पीरियड होगा। 18-75 साल का व्यक्ति इस स्कीम में डिपॉजिट कर सकता है। सवाल है कि इस स्कीम में निवेश करना किसके लिए फायदेमंद होगा?

सीनियर सिटीजंस को अतिरिक्त हेल्थ कवर मिलेगा

True North Finance के फाउंडर लेफ्टिनेंट कनर्ल रोचक बख्शी (रिटायर्ड) का कहना है कि यह स्कीम सीनियर सिटीजंस के लिए फायदेमंद हो सकती है, क्योंकि इससे उन्हें अतिरिक्त हेल्थ कवर मिलेगा। अगर इंटरेस्ट रेट की बात की जाए तो यह 6.75 फीसदी है, जो दूसरे बैंकों के एफडी के इंटरेस्ट रेट से ज्यादा है। HDFC Bank और ICICI Bank 6.60 से 6.70 फीसदी के बीच इंटरेस्ट रेट ऑफर कर रहे हैं। यह रेट एक साल से लेकर 15 महीनों से कम के डिपॉजिट पर है।

छोटे इनवेस्टर के लिए इस स्कीम में निवेश करना मुश्किल होगा

Asset Elixir के फाउंडर शिवम पाठक ने कहा कि इस स्कीम में इंटरेस्ट दूसरे बैंकों के एफडी से ज्यादा है। इंश्योरेंस कॉस्ट के बाद तो यह और भी ज्यादा दिखता है। उन्होंने कहा, "लेकिन, इस स्कीम की सीमाएं हैं। पहला, इस स्कीम में कम से कम 10 लाख रुपये का निवेश करना होगा। इस वजह से इस स्कीम में छोटे इनवेस्टर्स की दिलचस्पी कम होगी। दूसरा, इंश्योरेस कवरेज सिर्फ 375 दिनों के लिए होगा। एफडी को रिन्यू कराने पर भी इंश्योरेंस कवरेज नहीं मिलेगा।"

DICGC से सिर्फ 5 लाख रुपये के डिपॉजिट की गारंटी

इनवेस्टर्स को यह बात भी ध्यान में रखने की जरूरत है कि इस स्कीम में कम से कम 10 लाख रुपये का निवेश जरूरी है। लेकिन, डिपॉजिट इंश्योरेंस एंड क्रेडिट गारंटी कॉर्पोरेशन (DICGC) एफडी में डिपॉजिट लपर सिर्फ 5 लाख रुपये तक की गारंटी देती है। इसका मतलब है कि अगर आप इस स्कीम में 10 लाख रुपये का निवेश करते हैं तो आपको DICGC की तरफ से सिर्फ 5 लाख रुपये का इंश्योरेंस कवर मिलेगा।

क्या आपको इस स्कीम में निवेश करना चाहिए?

यह एफडी स्कीम रेगुलर हेल्थ पॉलिसी का विकल्प नहीं बन सकती। अगर कोई व्यक्ति इस स्कीम में पैसा डिपॉजिट करता है तो सिर्फ 375 दिनों के लिए उसका हेल्थ कवरेज बढ़ जाएगा। चूंकि सीनियर सिटीजंस के लिए हेल्थ पॉलिसी का प्रीमियम ज्यादा होता है तो यह स्कीम उनके लिए फायदेमंद है। उन्हें अतिरिक्त 5 लाख रुपये के हेल्थ कवर के लिए कोई प्रीमियम नहीं चुकाना होगा।

यह भी पढ़ें: क्या Gold की तरह चांदी में आपके इनवेस्टमेंट को काफी हद तक डूबने से बचाने की क्षमता है?

स्कीम के साथ जो हेल्थ पॉलिसी मिलेगी, अभी उसके सेटलमेंट रेशियो सहित दूसरी सर्विसेज के बारे में कहना मुश्किल है। अगर आप सिर्फ हेल्थ कवर के लिए इस स्कीम में निवेश करना चाहते हैं तो बेहतर होगा कि आप किसी रेगुलर हेल्थ पॉलिसी को खरीदें और उसे हर साल रिन्यू कराते रहे। इसका प्रीमियम आपको चुकाना होगा। लेकिन इससे हेल्थ पॉलिसी की आपकी जरूरत पूरी होगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।