देश में यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (Unified Payments Interface or UPI) के जरिए ट्रांजेक्शन लगातार बढ़ रहे हैं। नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) के अनुसार, अक्टूबर में लगातार तीसरे माह UPI ट्रांजेक्शन की संख्या 1000 करोड़ से ज्यादा रही। अक्टूबर में UPI के जरिए 1,141 करोड़ लेनदेन हुए, जिनके तहत 17.16 लाख करोड़ रुपये सेंड और रिसीव किए गए। अक्टूबर में UPI से ट्रांजेक्शन का आंकड़ा सालाना आधार पर 56 प्रतिशत और ट्रांजेक्शन अमाउंट का आंकड़ा 42 प्रतिशत ज्यादा है।
इससे पहले के दो माह की बात करें तो सितंबर 2023 में UPI के जरिए 15.80 लाख करोड़ रुपये के 1056 करोड़ ट्रांजेक्शन हुए थे। वहीं अगस्त 2023 में 15.76 लाख करोड़ रुपये के 1058 करोड़ ट्रांजेक्शन हुए थे। NPCI ने यह जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट के माध्यम से दी है। UPI के माध्यम से लेनदेन की बढ़ती संख्या दर्शाती है कि लोग ट्रांजेक्शन के लिए डिजिटल मोड को तेजी से अपना रहे हैं। इसके लिए UPI सुविधाजनक और इंस्टैंट सर्विस के चलते पसंदीदा बनता जा रहा है।
https://twitter.com/NPCI_NPCI/status/1719582385204052178
IMPS को कितना इस्तेमाल कर रहे लोग
आंकड़ों के मुताबिक, IMPS के जरिए अक्टूबर 2023 में 5.38 लाख करोड़ रुपये के 49.3 करोड़ ट्रांजेक्शन हुए। ट्रांजेक्शन की संख्या सालाना आधार पर 2 प्रतिशत और ट्रांजेक्शन अमाउंट की संख्या 15 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाती है। सितंबर में IMPS के जरिए 5.07 लाख करोड़ रुपये के 47.3 करोड़ ट्रांजेक्शन हुए थे। वहीं अगस्त माह में 5.14 लाख करोड़ रुपये के 48.9 करोड़ ट्रांजेक्शन हुए थे।