क्या स्टार वाला नोट नकली होता है? ज्यादातर भारतीय नोट पर स्टार नहीं होता। कई बार जब लोगों के हाथों में स्टार बना नोट आ जाता है, तो लोग कन्फ्यूज हो जाते हैं कि क्या नोट नकली है या असली? अगर आपने कभी अपने पर्स में रखे नोट को ध्यान से देखा हो, तो कुछ नोटों के सीरियल नंबर के बीच में एक छोटा स्टार (*) बना होता है। बहुत से लोग सोचते हैं कि ऐसा कोई नोट नकली हो सकता है या फिर उसकी कोई खास कीमत होती है। लेकिन भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने इस बारे में साफ जानकारी दी है।
RBI के मुताबिक अगर किसी नोट के सीरियल नंबर में स्टार बना है, तो इसका मतलब है कि वह नोट एक ‘रिप्लेसमेंट नोट’ है। यानी नोट छपाई के दौरान अगर किसी नोट में गलती हो जाती है, तो उसे हटाकर उसकी जगह एक नया नोट छापा जाता है। इसी नए नोट के सीरियल नंबर में स्टार लगाया जाता है ताकि यह पहचाना जा सके कि यह बदली (replacement) किया गया नोट है।
नकली नहीं, पूरी तरह होता है वैलिड
ऐसे नोटों को देखकर घबराने की जरूरत नहीं है। RBI ने साफ कहा है कि स्टार वाले सभी नोट पूरी तरह वैलिड (legal tender) हैं। आप इनका इस्तेमाल वैसे ही कर सकते हैं जैसे किसी अन्य नोट का करते हैं। यह नकली नहीं होते और इनकी वैल्यू में भी कोई फर्क नहीं होता।
कब से चलन में हैं स्टार वाले नोट?
स्टार वाले नोट पहली बार 2006 में RBI ने जारी किए थे। जब 100 सीरियल नंबर वाले नोटों की गड्डी में कोई एक नोट खराब निकलता है, तो उसकी जगह स्टार वाला नोट रखा जाता है। इन नोटों में सिर्फ स्टार ही अलग होता है, बाकी सब कुछ आम नोट जैसा ही होता है।
कितने नोटों में होता है स्टार?
ऐसे नोट बहुत ज्यादा नहीं होते। हर 1,000 नोटों में से करीब 100 नोटों में ही स्टार हो सकता है। इसका मतलब है कि यह सिस्टम सिर्फ खास मामलों में इस्तेमाल होता है, जब कोई नोट खराब पाया जाता है।
क्या यह नोट ज्यादा कीमती है?
नहीं। स्टार वाले नोट का मार्केट वैल्यू बिल्कुल सामान्य नोटों के बराबर ही होता है। यह सिर्फ एक तकनीकी प्रक्रिया है ताकि खराब नोटों को हटाकर उनकी जगह ठीक नोट दिए जा सकें। अगर अगली बार आपके हाथ में कोई ऐसा नोट आए जिसमें सीरियल नंबर के बीच में स्टार बना हो, तो घबराने की जरूरत नहीं है। यह न तो नकली है और न ही कोई खास किस्म का नोट। यह बस एक रिप्लेसमेंट नोट है, जिसे RBI ने एक खराब नोट की जगह जारी किया है। ऐसे नोट पूरी तरह से मान्य हैं और आप बेझिझक इनका इस्तेमाल कर सकते हैं।