बुद्ध पूर्णिमा का दिन हिंदू और बौद्ध दोनों धर्मों के लिए अत्यंत पावन और शुभ माना जाता है। ये तिथि वैशाख मास की पूर्णिमा को आती है और भगवान बुद्ध के जन्म, ज्ञान प्राप्ति और महापरिनिर्वाण – तीनों महत्वपूर्ण घटनाओं से जुड़ी मानी जाती है। यही कारण है कि बौद्ध धर्म के अनुयायी इस दिन को विशेष श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाते हैं। वहीं हिंदू धर्म में भी इस दिन का विशेष महत्व है, क्योंकि इसे भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा के लिए उत्तम माना गया है। मान्यता है कि इस दिन सच्चे मन से व्रत, पूजा और दान करने से पापों का नाश होता है और जीवन में सुख-समृद्धि का आगमन होता है।
