इस साल आज पूरे देश में ईद-उल-फितर का पावन पर्व उत्साह और उमंग के साथ मनाया जाएगा। इस्लाम धर्म में इस त्योहार का विशेष महत्व है, क्योंकि ये शव्वाल महीने के पहले दिन पड़ता है। इसे "मीठी ईद" भी कहा जाता है, क्योंकि इस दिन खासतौर पर सेवइयां और अन्य पारंपरिक मिठाइयां बनाई जाती हैं। ईद-उल-फितर की तारीख रमजान के समाप्त होने पर दिखने वाले चांद से तय होती है। इस साल भारत में रमजान की शुरुआत 2 मार्च से हुई थी। एक महीने तक रोजा, इबादत और आत्मसंयम के बाद ये दिन अल्लाह का शुक्रिया अदा करने, खुशियां मनाने और जरूरतमंदों के साथ खुशियां बांटने का अवसर होता है।
