Kartik Purnima 2025: हिंदू धर्म में कार्तिक के महीने का विशेष स्थान है। ये पूरा महीना धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। इसमें दिवाली और छठ जैसे बड़े और प्रमुख त्योहार मनाए जाते हैं। इस महीने का समापन कार्तिक पूर्णिमा के साथ होता है। कार्तिक पूर्णिमा को त्रिपुरारी पूर्णिमा भी कहते हैं और इस दिन देव दीपावली और गुरु नानक जयंती भी मनाई जाती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन देवी-देवता गंगा स्नान के लिए धरती पर आते हैं। हिंदू धर्म में अन्य महीनों की पूर्णिमा तिथि भगवान श्रीहरि विष्णु और माता लक्ष्मी को समर्पित होती है। लेकिन, कार्तिक पूर्णिमा के दिन भगवान विष्णु के साथ देवों के देव महादेव की भी पूजा की जाती है।
